जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि सरकार का संकल्प, कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी सहायता राशि

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 5,216 views

धरमजयगढ़, 15 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान, गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, अधिकारों, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक बन गया।

पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों का अभिनंदन

समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने आयोजन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और जनजातीय कला, पारंपरिक उत्पादों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान किया गया। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्णय देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर और वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन किए गए थे। सरगुजा के समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी शामिल हुई थीं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा राज्यस्तरीय आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहां के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से पीड़ित गरीबों तक अनाज पहुंचाने के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी और मातृभूमि तथा जनसेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जननायकों ने भी अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस संग्रहालय में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के ऐतिहासिक संघर्ष और गौरवशाली विरासत का जीवंत चित्रण किया गया है। यह नई पीढ़ी को अपने महान पूर्वजों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है।

6,691 गांवों तक पहुंच रही विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश और राज्यों के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण स्थान मिल रहा है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी जनजातीय समाज से आने वाले नेताओं को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 33 किस्तों के माध्यम से अब तक लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। योजना की लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।

उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना को फिर से शुरू किया गया है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था। आज प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

बस्तर में हिंसा की जगह शिक्षा, खेल और विकास का वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। सुरक्षाबलों के साहस और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के कई क्षेत्र चार से पांच दशकों तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे हैं। अब नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विकास को गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।

जनजातीय अंचलों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में बदलाव केवल सड़क, बिजली और अधोसंरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लोगों के जीवन में विश्वास, सुरक्षा और नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और सामाजिक एकता को बनाए रखने तथा धर्मांतरण के विषय में सजग रहने का भी आह्वान किया।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।

उन्होंने कहा कि नए केंद्र शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी। सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत में राहत देने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वर्चुअल संबोधन में नितिन नवीन ने की आयोजन की सराहना

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की धरती है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गोंड, उरांव, कंवर, बैगा, कमार, हल्बा, मुरिया और माड़िया सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों की लोककलाएं, लोकनृत्य, पर्व और परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों से जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।

नितिन नवीन ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने बस्तर में आ रहे सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलताएं मिली हैं। उन्होंने शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। वर्ष 2024 के बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान दी। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट और लगभग 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की। प्रदेश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास है। जब हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास स्थापित होता है, तब विकास की संभावनाएं और मजबूत होती हैं।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पद्मश्री सम्मानित विभूतियां, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें