मोहन भागवत के बयान का अधूरा वीडियो वायरल, मूल संदर्भ से काटकर किया जा रहा दावा

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 6,352 views

नागपुर। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और सरसंघचालक मोहन भागवत की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से उनके कथनों को आधा-अधूरा प्रस्तुत करने और भ्रामक दावे प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक बार फिर मोहन भागवत का अधूरा वीडियो और पोस्टर साझा किया जा रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हिंदू राष्ट्र की अवधारणा पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों को मानसिक अस्पताल भेज देना चाहिए।

हालांकि, वायरल क्लिप को मूल संदर्भ से काटकर प्रसारित किया जा रहा है। उपलब्ध कराए गए पूर्ण वक्तव्य के अनुसार, मोहन भागवत वर्ष 1930 के दशक की एक ऐतिहासिक घटना का उल्लेख कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास हुआ था। संघ की स्थापना को तब कुछ ही वर्ष हुए थे।

भागवत के अनुसार, उस समय विधानसभा में संघ के पक्ष में बोलने वाले न तो संघ के स्वयंसेवक थे और न ही संघ के विचारों के समर्थक। इसी दौरान मिस्टर इब्राहिम ने संघ के पक्ष में अपना वक्तव्य दिया था। उन्होंने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। अपने वक्तव्य में इब्राहिम ने कहा था कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों को पागलों के अस्पताल में भेज देना चाहिए। साथ ही उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का उल्लेख करते हुए कहा था कि वे उन्हें जानते हैं, वे पागल नहीं बल्कि अच्छे व्यक्ति हैं, इसलिए संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता।

मोहन भागवत ने अपने संबोधन में इस घटना के जरिए यह बताया कि संघ की स्थापना के शुरुआती वर्षों में भी उसकी पहचान स्वयंसेवकों से जुड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि संघ को शुरू हुए तब पांच-सात वर्ष ही हुए थे और उस समय बहुत कम लोग उसके बारे में जानते थे।

उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में लेखिका मालिनी भट्टाचार्य का भी उल्लेख किया। भागवत ने बताया कि उन्होंने देशभर से 10 स्वयंसेवकों का चयन कर उनसे बातचीत की और उनके जीवन में संघ की भूमिका को समझते हुए उनकी जीवन यात्राओं को पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया। इस पुस्तक का नाम ‘स्वयंसेवक’ रखा गया है।

भागवत ने कहा कि संघ की शुरुआत के समय भी उसकी पहचान स्वयंसेवक थे और 100 वर्ष पूरे होने के बाद भी संघ की पहचान उसके स्वयंसेवक ही हैं।

इस तरह वायरल वीडियो में जिस कथन को मोहन भागवत का बयान बताकर प्रसारित किया जा रहा है, वह उनके पूर्ण वक्तव्य के अनुसार 1930 के दशक की विधानसभा में मिस्टर इब्राहिम द्वारा दिए गए बयान का हिस्सा है। सोशल मीडिया पर साझा की जा रही छोटी क्लिप में इस ऐतिहासिक संदर्भ को शामिल नहीं किया गया है।

सम्बन्धित खबरें