सेवा केवल पेशा नहीं, समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है : डॉ. मोहन भागवत

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 14,587 views

दुबई में कामगारों को चिकित्सा सेवाएं देने वाले नागपुर के डॉ. संजय पैठणकर को ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार’ से किया गया सम्मानित

नागपुर, 13 नवंबर। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि सेवा कोई व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है। किसी भी कार्य का उद्देश्य केवल पैसा कमाना नहीं होना चाहिए। आजीविका अर्जित करना उसका एक हिस्सा हो सकता है, लेकिन समाज का आधार आर्थिक समृद्धि के साथ करुणा और संवेदनशीलता जैसे मानवीय मूल्य हैं।

डॉ. भागवत शुक्रवार को कृषि विकास प्रतिष्ठान की ओर से सिविल लाइन्स स्थित चिटणवीस सेंटर में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर दुबई में कामगारों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाले मूलतः नागपुर निवासी डॉ. संजय पैठणकर को ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार’ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कृष्णा अभिमत वैद्यकीय विश्वविद्यालय के डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा, प्रतिष्ठान के अध्यक्ष गिरीश गांधी और श्रीराम काले उपस्थित थे।

सम्मान समाज के प्रति दायित्व और संवेदनशीलता का प्रतीक

डॉ. भागवत ने कहा कि किसी को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुरस्कार नहीं दिए जाते। जिन लोगों का सम्मान किया जाता है, उन्होंने कभी किसी अपेक्षा के साथ काम नहीं किया। जिसे दुनिया ‘प्रोफेशन’ कहती है, उसे भारत में ‘सर्विस’ कहा जाता है। हमारी धारणा है कि हम जो भी काम करते हैं, वह केवल अपना पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि सृष्टि के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पुरस्कार का अर्थ पारितोषिक होने के साथ प्रोत्साहन भी है। समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए जीवन समर्पित करने वाले लोगों का सम्मान इसी भावना का प्रतीक है। यह संवेदना ही मनुष्यता की पहचान है।

सरसंघचालक ने कहा कि दुनिया में जो दुख है, उसे दूर करने के लिए व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार प्रयास करे। ऐसा करते समय मन में यह भाव नहीं होना चाहिए कि वह कोई बहुत बड़ा काम कर रहा है। सेवा के बदले किसी फल की अपेक्षा नहीं होती। यह आत्मीयता और करुणा से उत्पन्न होती है। सेवा का भाव भीतर से जागता है और उसी से समाज के प्रति संवेदनशीलता बनी रहती है।

जीवन की परिस्थितियों से अधिक महत्वपूर्ण हैं उसके मूल्य

डॉ. भागवत ने कहा कि संवेदना प्रत्येक व्यक्ति में होती है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों के कारण कई बार वह दब जाती है। इस संवेदना को बनाए रखना ही मनुष्य के रूप में जीने का सार है। जीवन गरीबी में बीत रहा है या संपन्नता में, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति ने अपने जीवन में किन मूल्यों को संजोकर रखा है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने के साथ ऐसी ही परिस्थितियों से गुजर रहे लोगों की सहायता करने की भावना समाज में बनी रहनी चाहिए। केवल धन कमाने के लिए व्यवसाय करना भारतीय संस्कृति का उद्देश्य नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवसाय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ समाज के लिए भी योगदान देना चाहिए। समाज की सेवा ही कार्य का वास्तविक उद्देश्य है।

धर्म की अवधारणा मानवता और बंधुभाव से जुड़ी हुई है। सत्य, करुणा, पवित्रता और तपस्या धर्म के चार आधार स्तंभ हैं। अपने भीतर और दूसरों में भी ईश्वर का वास मानने की भावना से आत्मीयता और निःस्वार्थ सेवा का भाव उत्पन्न होता है।

डॉ. पैठणकर ने दुबई में बढ़ाया नागपुर का गौरव : नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नागपुर के मेडिकल कॉलेज ने दुनिया को अनेक प्रतिष्ठित डॉक्टर दिए हैं। इनमें डॉ. संजय पैठणकर भी शामिल हैं, जिन्होंने दुबई में चिकित्सा क्षेत्र में काम करते हुए नागपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि डॉ. पैठणकर ने दुबई में सेवाएं दीं, लेकिन अपनी मातृभूमि से जुड़ाव कभी नहीं तोड़ा।

सम्बन्धित खबरें