भारत को पारंपरिक ज्ञान के आधार पर दुनिया को विकास की नई राह दिखानी होगी : डॉ. मोहन भागवत

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 4,087 views

रामटेक में स्व. दत्ता जी मेघे स्मारक का अनावरण, कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा अस्पताल का लोकार्पण

रामटेक, 12 नवंबर। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत प्राचीन देश है और यहां के जीवन अनुभव भी उतने ही प्राचीन हैं। आज दुनिया जिन कठिनाइयों के बीच आगे बढ़ने का रास्ता तलाश रही है, उनका अनुभव हमारे पूर्वज बहुत पहले कर चुके थे। उन्हीं अनुभवों के आधार पर उन्होंने एक विकसित जीवनशैली का निर्माण किया। आज पूरी दुनिया इस जीवनशैली का अध्ययन कर उसे अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। भारत की दृष्टि समग्र और एकात्मता पर आधारित है। अपने पारंपरिक ज्ञान के आधार पर दुनिया को विकास का नया मार्ग दिखाने की जिम्मेदारी अब भारत की है।

डॉ. भागवत गुरुवार को श्री दत्ता मेघे फाउंडेशन की ओर से रामटेक में आयोजित लोकनेते स्व. दत्ता जी मेघे स्मारक के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नंदकिशोर जयसवाल कृषि महाविद्यालय और शालिनीताई दत्ता मेघे पशु चिकित्सा अस्पताल का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शालिनीताई मेघे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा

डॉ. भागवत ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बिगड़ने पर मनुष्य का स्वस्थ रहना संभव नहीं है। इसी तरह पशुओं का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने पर उनमें होने वाले रोगों का संक्रमण मनुष्यों तक भी पहुंच सकता है। यदि मनुष्य पर्यावरण और जीव-जंतुओं के महत्व को समझकर उनके साथ समन्वय बनाकर जीवन नहीं जीता, तो पूरी सृष्टि संकट में पड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि दुनिया आज अपने अनुभवों से यह सीख रही है, जबकि भारत के लिए यह ज्ञान हजारों वर्ष पुराना है। इसी समझ के आधार पर हमारे पूर्वजों ने जीवनशैली विकसित की और त्योहारों तथा उत्सवों की परंपराएं बनाईं। ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा आधुनिक दुनिया को पिछले 20-30 वर्षों में समझ में आई है, लेकिन मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा है, यह विचार भारतीय जीवनशैली में परंपरागत रूप से मौजूद रहा है।

हमारे त्योहारों और परंपराओं में भी यह भावना दिखाई देती है। वसु बारस पर गाय की पूजा और गोवर्धन पूजा इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि पहले पारंपरिक प्रथाओं और गोबर के उपयोग का दुनिया में मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन अब धीरे-धीरे इनके महत्व को समझा जाने लगा है।

देशी गोवंश की क्षमता का पूरा उपयोग नहीं कर पाए

पशु चिकित्सा शिक्षा और देशी गोवंश के संरक्षण पर डॉ. भागवत ने कहा कि लोग समय-समय पर उन्हें याद दिलाते हैं कि वे पशु चिकित्सक हैं। उन्होंने कहा, “हां, मैं पशु चिकित्सक हूं।” पहले पशु चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान बताने में कई लोगों को संकोच होता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। पशु चिकित्सा के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और उन्नत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही बेहतर क्षमता वाली देशी गोवंश की नस्लें मौजूद थीं। उनकी दूध उत्पादन क्षमता और अन्य विशेषताओं में सुधार की पर्याप्त संभावनाएं थीं, लेकिन इस दिशा में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसके बजाय दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए जर्सी जैसी विदेशी नस्लों को देश में लाया गया। अन्य देशों ने अपने पशुधन की नस्लों में सुधार कर उनका विकास किया, जबकि हम अपनी देशी गोवंश की क्षमताओं का पूरा उपयोग नहीं कर पाए। इसलिए देश में उपलब्ध संसाधनों और क्षमताओं का उचित विकास जरूरी है।

प्रकृति के मालिक नहीं, सृष्टि का हिस्सा हैं मनुष्य

मानव जीवन दृष्टि पर विचार रखते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि अब तक मनुष्य इस मानसिकता से सोचता रहा कि वह प्रकृति का मालिक है और उसके संसाधनों का असीमित उपयोग कर सकता है। लेकिन अब उसे समझ आने लगा है कि वह प्रकृति का मालिक नहीं, बल्कि इस विशाल सृष्टि का एक हिस्सा है। सभी का जीवन एक-दूसरे पर निर्भर है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य की जीवन दृष्टि ऐसी होनी चाहिए, जिसमें केवल अपने जीवन का नहीं, बल्कि सभी के जीवन का विचार हो। जैव विविधता, पर्यावरण और संपूर्ण जीव-जगत का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, तभी मानव जीवन सुखी और स्वस्थ रह सकेगा। इसके लिए मनुष्य को स्वयं पर संयम के नियम लागू करने होंगे। हमारे पूर्वजों ने हजारों वर्ष पहले ही इस ज्ञान को आत्मसात कर लिया था और अब दुनिया भी इसका महत्व समझने लगी है।

आत्मनिर्भरता से मिलेगी वास्तविक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास

सरसंघचालक ने कहा कि भारत को अपने पारंपरिक ज्ञान के आधार पर पूरी दुनिया को नई जीवनशैली देने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस दृष्टि से संपूर्ण विश्व भारत की ओर देख रहा है। ऐसे समय में देश में इस विषय पर गंभीरता से विचार करने के साथ विज्ञान और जीवनशैली का पुनर्गठन करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि अपने ज्ञान और संसाधनों का उचित उपयोग कर विकास करने से भारत दूसरों पर निर्भर हुए बिना आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेगा। दूसरे देशों पर निर्भर रहने से वे अपने स्वार्थ पूरे कर सकते हैं। इसलिए हमें अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। आत्मनिर्भरता से ही वास्तविक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास प्राप्त होता है। प्रत्येक राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने विकास का उपयोग विश्व कल्याण के लिए भी करना चाहिए।

डॉ. भागवत ने कहा कि इस परिसर में विकसित हो रही शैक्षणिक और पशु चिकित्सा सुविधाएं भारत की ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का अवसर प्रदान करेंगी और देश की आत्मनिर्भरता को मजबूती देंगी। उन्होंने आशा जताई कि इस पहल से भारत के विकास का एक आदर्श मॉडल तैयार होगा तथा शांतिपूर्ण और समृद्ध विश्व के निर्माण में योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम का प्रास्ताविक सागर मेघे ने किया तथा समीर मेघे ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

सम्बन्धित खबरें