किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या के बाद तीन आतंकियों के पोस्टर जारी, सूचना देने पर 30 लाख का इनाम

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 5,874 views

श्रीनगर/नई दिल्ली।

 जम्मू-कश्मीर में हालिया आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में सक्रिय बताए जा रहे तीन आतंकियों जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन की तस्वीरें जारी कर पुलिस ने इनके बारे में सूचना देने वाले को 30 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। ये तीनों जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं। किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की हत्या के बाद इनकी तलाश तेज कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती केवल किश्तवाड़ तक सीमित नहीं है। कुलगाम से लेकर जम्मू के पहाड़ी इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF के नाके पर आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। इसके अगले दिन, 12 नवंबर को किश्तवाड़ में लापता हुए दो SPO के गोली लगे शव बरामद किए गए।

दोनों घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। शहरों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जबकि जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। वाहनों की जांच बढ़ाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बख्तरबंद वाहनों के जरिए भी निगरानी बढ़ाई गई है। पूछताछ के लिए 200 से अधिक ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

11 से 13 नवंबर तक सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई

11 नवंबर: कुलगाम में CRPF नाके पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दिन किश्तवाड़ में दो SPO के लापता होने के बाद संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया।

11 नवंबर की रात: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

12 नवंबर: किश्तवाड़ में दोनों लापता SPO के शव बरामद हुए। दच्छन और मरवाह क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज किया गया। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने किश्तवाड़ का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं, कुलगाम आतंकी हमले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

12-13 नवंबर: घाटी में सुरक्षा बढ़ाई गई। विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच और तलाशी अभियान तेज किए गए।

13 नवंबर: CRPF के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने कुलगाम का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी दौरान किश्तवाड़ में सक्रिय बताए जा रहे तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए और उनकी जानकारी देने पर 30 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई।

फिलहाल कुलगाम में CRPF पर हमला करने वाले आतंकियों की तलाश जारी है। वहीं, किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या के बाद पहाड़ी और जंगलों वाले इलाकों में आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जम्मू-कश्मीर में निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं।

सम्बन्धित खबरें