कुलगाम हमले के बाद दक्षिण कश्मीर में तलाशी अभियान तेज, राजौरी में आतंकी सरगना की 81 लाख की संपत्ति कुर्क

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 2,541 views

CRPF के तीन जवान हुए थे घायल, NIA ने घटनास्थल से जुटाए फॉरेंसिक साक्ष्य

जम्मू-कश्मीर/नई दिल्ली। 

कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान तेज कर दिया है। हमले में शामिल आरोपियों की तलाश में दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है। वहीं, आतंकियों के मददगारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजौरी में एक आतंकी सरगना की करीब 81 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की है।

पुलिस के अनुसार, खबलान गांव निवासी अरशद की 2.14 कनाल जमीन कुर्क की गई है। इसकी बाजार कीमत लगभग 81 लाख रुपये बताई गई है। आरोप है कि अरशद करीब 15 वर्ष पहले नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) चला गया था और वहीं से आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा है। पुलिस ने यह कार्रवाई वर्ष 2011 में स्थानीय थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की है। इससे पहले थानामंडी क्षेत्र में भी पीओजेके में रह रहे 10 आतंकियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं।

11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुई थी फायरिंग

11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास नौपोरा अखरान इलाके में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवानों को निशाना बनाकर आतंकियों ने गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हमलावर घने पेड़ों की आड़ से गोलीबारी करने के बाद मौके से फरार हो गए थे।

OGW नेटवर्क की भी जांच, NIA ने जुटाए साक्ष्य

हमले के बाद पुलिस ने आतंकियों के ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) नेटवर्क की तलाश भी तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुलगाम में करीब 200 ओजीडब्ल्यू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने 12 नवंबर को घटनास्थल का दौरा कर फॉरेंसिक साक्ष्यों का जायजा लिया। शुरुआती जांच में कम से कम तीन आतंकियों के शामिल होने की आशंका जताई गई है, जिनमें दो पाकिस्तानी बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

लतीफ भट की तलाश में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

जांच के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का नाम सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि वह अपने एक साथी के साथ हमले में शामिल था। घायल जवानों को लतीफ भट की तस्वीर दिखाई गई थी और खबर के अनुसार, उन्होंने उसकी पहचान हमलावर के रूप में की।

लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवां चादर गांव का निवासी बताया गया है। उस पर इस वर्ष 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम के केलम इलाके में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है। सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

सम्बन्धित खबरें