बिम्सटेक देशों ने बनाया साझा स्वास्थ्य रोडमैप, श्रीलंका को भारत देगा 100 एम्बुलेंस और 50 हेल्थ एटीएम

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 12,535 views

कोलंबो में पहली स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय बैठक में 2026-2030 की कार्ययोजना सर्वसम्मति से मंजूर

जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा का क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगा भारत


कोलंबो | 11 नवंबर 2026
बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के सात देशों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए साझा रणनीति पर सहमति जताई है। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक में सर्वसम्मति से संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य स्वीकार किया गया और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर संशोधित कार्ययोजना (2026-2030) लागू की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा, डिजिटल स्वास्थ्य, प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं और पारंपरिक चिकित्सा में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। भारत ने श्रीलंका को 100 अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के लिए समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया है। साथ ही वहां 50 मेडिकल कियोस्क/हेल्थ एटीएम स्थापित करने में सहायता की घोषणा की। भारत गुजरात के जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा के लिए बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र की मेजबानी भी करेगा।
रोग निगरानी से डिजिटल स्वास्थ्य तक साझा कार्ययोजना
बैठक में बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता श्रीलंका की स्वास्थ्य एवं मास मीडिया मंत्री डॉ. नलिंडा जयतिसा ने की। संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य में सदस्य देशों ने सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज और सतत विकास लक्ष्य-3 के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसमें रोग निगरानी, महामारी की तैयारी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, रोगाणुरोधी प्रतिरोध प्रबंधन, डिजिटल स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, जलवायु संबंधी स्वास्थ्य चुनौतियों और स्वास्थ्य कार्यबल के क्षमता निर्माण को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
संशोधित कार्ययोजना इन क्षेत्रों में सहयोग के लिए साझा रोडमैप उपलब्ध कराएगी। इसमें टेलीमेडिसिन, एक-दूसरे के साथ काम कर सकने वाले इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड तथा रोग निदान और रोग मॉडलिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए बिम्सटेक डिजिटल हेल्थ फ्रेमवर्क तलाशने की परिकल्पना भी की गई है।
जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा का उत्कृष्टता केंद्र
क्षेत्रीय सहयोग को नई दिशा देते हुए जे.पी. नड्डा ने गुजरात के जामनगर स्थित आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में पारंपरिक चिकित्सा के बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र की मेजबानी करने की भारत की प्रतिबद्धता घोषित की। यह केंद्र सहयोगात्मक अनुसंधान, शैक्षणिक आदान-प्रदान, संस्थागत साझेदारी, क्षमता निर्माण और पारंपरिक चिकित्सा के ज्ञान एवं बेहतर प्रणालियों को साझा करने का क्षेत्रीय मंच बनेगा।
केंद्र के माध्यम से साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों तथा पारंपरिक ज्ञान के जिम्मेदार संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य में भारत की इस पहल का स्वागत किया गया। पारंपरिक चिकित्सा पर बिम्सटेक टास्क फोर्स की अगली बैठक भारत में आयोजित करने के प्रस्ताव का भी स्वागत किया गया।
बैठक में श्रीलंका में बिम्सटेक क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र फॉर पब्लिक हेल्थ और थाईलैंड में बिम्सटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन ट्रॉपिकल मेडिसिन स्थापित करने की पहल का भी स्वागत किया गया। इसके अलावा, क्षेत्रीय जूनोटिक रोग वेधशाला और पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित करने के बांग्लादेश के प्रस्ताव को समर्थन मिला। सदस्य देशों ने सीमा पार स्वास्थ्य खतरों से निपटने के लिए समन्वित तैयारी की जरूरत पर जोर दिया।
श्रीलंका को 100 अतिरिक्त एम्बुलेंस, 5.28 मिलियन डॉलर की अनुदान सहायता
बैठक के दौरान नड्डा ने श्रीलंका की स्वास्थ्य एवं मास मीडिया मंत्री डॉ. नलिंडा जयतिसा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इसमें दोनों देशों के बीच चल रही स्वास्थ्य पहलों की समीक्षा और सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा हुई। बैठक का महत्वपूर्ण परिणाम श्रीलंका की 1990 की सुवा सेरिया आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के लिए 100 अतिरिक्त पूरी तरह सुसज्जित एम्बुलेंस की आपूर्ति संबंधी समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान रहा।
इस पहल के लिए भारत 1,725.73 मिलियन श्रीलंकाई रुपये यानी लगभग 5.28 मिलियन अमेरिकी डॉलर की अनुदान सहायता देगा। इससे श्रीलंका में आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी, परिचालन दक्षता बढ़ेगी और लोगों को समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
भारत इस एम्बुलेंस सेवा की स्थापना और विस्तार में पहले से सहयोग करता रहा है। वर्ष 2016 में 7.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर और 2018 में 15.02 मिलियन अमेरिकी डॉलर की अनुदान सहायता दी गई थी। इन पहलों से 297 एम्बुलेंस की तैनाती में मदद मिली, जिन्होंने कोविड-19 महामारी और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब 100 अतिरिक्त एम्बुलेंस से यह साझेदारी और मजबूत होगी।
50 हेल्थ एटीएम के लिए 225 मिलियन श्रीलंकाई रुपये की मदद
नड्डा ने श्रीलंका में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 50 मेडिकल कियोस्क/हेल्थ एटीएम की खरीद में भारत की सहायता की घोषणा भी की। इस पर 225 मिलियन श्रीलंकाई रुपये तक की भारतीय अनुदान सहायता दी जाएगी। यह पहल नवंबर-दिसंबर 2025 में श्रीलंका को प्रभावित करने वाले चक्रवात डिटवा के बाद भारत सरकार की ओर से घोषित 450 मिलियन अमेरिकी डॉलर के व्यापक पुनर्वास पैकेज का हिस्सा है।
ये मेडिकल कियोस्क श्रीलंका के आरोग्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित किए जाएंगे। इनमें टेलीमेडिसिन सुविधा के साथ तत्काल जांच और निदान की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे जरूरी जांच तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी, समय पर चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा और विशेष रूप से उन समुदायों को लाभ होगा, जिन्हें सुलभ एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं की अधिक जरूरत है।
भारत ने साझा की स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां
बैठक में नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश में 1.85 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से निवारक, प्रोत्साहक और आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं समुदायों के करीब पहुंची हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि यह दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक वित्तपोषित स्वास्थ्य आश्वासन योजनाओं में से एक है। इसके तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना पांच लाख रुपये तक का कैशलेस अस्पताल में भर्ती उपचार कवर मिलता है और 60 करोड़ से अधिक लोग इसके दायरे में हैं।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे, रोग निगरानी, जांच एवं निदान क्षमता और भविष्य की स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी मजबूत करने के लिए किए जा रहे निवेश की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि भारत की राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी के माध्यम से 50 करोड़ से अधिक टेली-परामर्श दिए जा चुके हैं।
नड्डा ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र विकसित करने में भारत के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बिम्सटेक देशों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियों और सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता, तकनीकी अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करने की पेशकश की।
‘वन हेल्थ’ के लिए क्षेत्रीय सहयोग जरूरी
नड्डा ने सदस्य देशों से ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण के तहत सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के विजन और भारत के प्राचीन दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के अनुरूप है। यह वैश्विक स्वास्थ्य, स्थिरता और सहयोगात्मक व्यवस्था के प्रति भारत के समन्वित दृष्टिकोण को दर्शाता है।
उन्होंने जोर दिया कि वन हेल्थ साझा जिम्मेदारी है। बीमारी के प्रकोप को रोकने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने और उभरती चुनौतियों से निपटने की तैयारी में बिम्सटेक देशों की साझा जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण अवसर है।
नेपाल के साथ भी स्वास्थ्य सहयोग पर चर्चा
नड्डा ने नेपाल की स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री नीशा मेहता के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने स्वास्थ्य क्षेत्र में द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने, विशेषज्ञता एवं बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करने तथा सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुधारने पर चर्चा की।
बैठक में भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनस्तरीय संबंधों को स्वास्थ्य एवं विकास सहयोग का मजबूत आधार बताया गया। भारत ने प्रधानमंत्री की ‘पड़ोसी पहले’ नीति के अनुरूप नेपाल के साथ स्वास्थ्य साझेदारी मजबूत करने, बेहतर स्वास्थ्य परिणामों और साझा क्षेत्रीय समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कोलंबो में प्रवासी भारतीयों से भी मिले नड्डा
यात्रा के दौरान नड्डा ने कोलंबो में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्री संबंधों तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल नवाचार, फार्मास्यूटिकल्स, चिकित्सा अनुसंधान और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती क्षमताएं स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल परिवर्तन और आर्थिक विकास में श्रीलंका के साथ सहयोग के नए अवसर पैदा करती हैं। नड्डा ने भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ और ‘महासागर’ नीतियों को दोनों देशों की साझेदारी, क्षेत्रीय स्थिरता, विकास और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सांस्कृतिक संबंधों और आपसी समझ को बढ़ावा देने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की भी सराहना की।
हर दो साल में होगी स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक
संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य में बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें हर दो वर्ष में आयोजित करने पर सहमति जताई गई, ताकि क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर नियमित संवाद और फैसलों पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। वर्ष 2028 में दूसरी बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक आयोजित करने के थाईलैंड के प्रस्ताव का स्वागत किया गया।
नड्डा ने ऐतिहासिक बैठक की मेजबानी के लिए श्रीलंका सरकार की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और अधिक सक्षम बिम्सटेक क्षेत्र के निर्माण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, “बेहतर स्वास्थ्य परिणामों की खोज में किसी भी देश को पीछे नहीं रहना चाहिए।”
इस बैठक में साझा स्वास्थ्य रोडमैप को मंजूरी, जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा उत्कृष्टता केंद्र की मेजबानी का भारत का संकल्प और श्रीलंका तथा नेपाल के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय पहलें क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं। ये प्रयास समावेशी विकास, साझा समृद्धि और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के दृष्टिकोण के अनुरूप क्षेत्रीय सहयोग को आम लोगों के लिए ठोस परिणामों में बदलने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।

सम्बन्धित खबरें