भविष्य के युद्ध में तकनीक के साथ योद्धा भी केंद्र में, सेना को चुस्त और एकीकृत बनाने पर जोर

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 4,968 views

थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने यंत्रीकृत सैन्य संगोष्ठी में दिया कैवलरी स्मृति व्याख्यान

ड्रोन युद्ध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वायत्त प्रणालियों पर दो दिन होगा मंथन


नई दिल्ली | 11 नवंबर 2026
भविष्य के युद्ध केवल आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों से नहीं, बल्कि तकनीक, नवाचार, तेज निर्णय क्षमता और तीनों सेनाओं के बेहतर तालमेल से लड़े जाएंगे। थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित यंत्रीकृत सैन्य संगोष्ठी-2026 के उद्घाटन सत्र में यह दृष्टिकोण रखा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में बदलाव का उद्देश्य केवल आधुनिक उपकरण शामिल करना या संगठनात्मक ढांचे का पुनर्गठन करना नहीं है, बल्कि नवाचार और प्रौद्योगिकी अपनाने के साथ कार्यप्रणाली में तेजी और लचीलापन लाना भी है। इस पूरी प्रक्रिया के केंद्र में सेना के योद्धा हैं।
संयुक्तता और आत्मनिर्भरता भविष्य की जरूरत
थल सेनाध्यक्ष ने “भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्धों के लिए दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार रखते हुए संयुक्तता और एकीकरण को भविष्य के युद्धों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सेना के विभिन्न अंगों और क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही स्वदेशी सैन्य क्षमताओं के विकास और रक्षा उद्योग तथा शैक्षणिक संस्थानों के साथ मजबूत साझेदारी के जरिए आत्मनिर्भरता हासिल करने की सेना की प्रतिबद्धता दोहराई।
यंत्रीकृत सेनाओं के विकास का उल्लेख करते हुए जनरल सेठ ने कहा कि उनका अब तक का सफर भारतीय सेना की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य के युद्धों में भी यंत्रीकृत सेनाओं की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
सेना, वैज्ञानिकों और रक्षा उद्योग को एक मंच
कैवलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन और यंत्रीकृत सैन्य महानिदेशालय के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में वरिष्ठ सेवारत अधिकारी, पूर्व सैनिक, रक्षा वैज्ञानिक, रक्षा उद्योग जगत के प्रतिनिधि और रणनीतिक विचारक शामिल हुए हैं। सम्मेलन का उद्देश्य बदलते युद्ध स्वरूप और भविष्य की सैन्य चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना है।
उद्घाटन सत्र की शुरुआत कैवलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल अशोक मेहता के स्वागत भाषण से हुई। इस दौरान सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एबी शिवाने की पुस्तक ‘आर्मर 2040 : स्टील, सिलिकॉन एंड द फ्यूचर बैटलस्पेस’ का विमोचन भी किया गया।
मंच-केंद्रित क्षमता से नेटवर्क-सक्षम युद्ध तंत्र की ओर
यंत्रीकृत सेना के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल प्रीत पाल सिंह ने “भारतीय संदर्भ में समकालीन यंत्रीकृत युद्ध” विषय पर मुख्य भाषण दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना अब मंच-केंद्रित क्षमताओं से आगे बढ़कर एकीकृत, नेटवर्क-सक्षम और स्वायत्त युद्ध तंत्र की ओर बढ़ रही है। इस व्यवस्था में विभिन्न सैन्य प्रणालियां आपस में जुड़कर समन्वित ढंग से काम करेंगी।
ड्रोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर होगा मंथन
सम्मेलन के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वायत्त लक्ष्य-भेदन प्रणालियों, मानव-मानवरहित टीमिंग, एकीकृत ड्रोन युद्ध प्रणाली, अगली पीढ़ी की युद्धक प्रणालियों और बहु-क्षेत्रीय यंत्रीकृत अभियानों जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
12 नवंबर को सम्मेलन का समापन “भारतीय यंत्रीकृत सेनाएं 2035 : भविष्य के परिचालन परिवेश के लिए बदलाव” विषय पर आयोजित परिचर्चा के साथ होगा।

सम्बन्धित खबरें