12 नवंबर से साहित्य महोत्सव जनजातीय भाषाओं और लोककथाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 2,342 views

नई दिल्ली में दो दिन जुटेंगे देशभर के जनजातीय लेखक, कवि और विद्वान

 मौखिक परंपराओं, लोकसाहित्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर होगा मंथन


नई दिल्ली | 11 नवंबर 2026
जनजातीय भाषाओं, लोककथाओं और पीढ़ियों से चली आ रही साहित्यिक परंपराओं को पहचान और संरक्षण देने के लिए नई दिल्ली में 12 नवंबर से दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव आयोजित होगा। जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से इंडिया हैबिटेट सेंटर के सिल्वर ओक में होने वाले इस आयोजन में देशभर के जनजातीय लेखक, कवि, कहानीकार, शोधकर्ता, भाषाविद्, शिक्षाविद् और सांस्कृतिक कलाकार एक मंच पर जुटेंगे।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम करेंगे उद्घाटन
महोत्सव के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग के सदस्य डॉ. जोरम अनिया, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री और जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन में जनजातीय साहित्य, कविता, लोकसाहित्य और कहानी-कथन पर विषयगत सत्र होंगे। इनमें विभिन्न जनजातीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले लेखक, कवि, विद्वान और विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे।
मौखिक परंपराओं से समकालीन साहित्य तक चर्चा
महोत्सव में जनजातीय साहित्य की विविध परंपराओं और उनके पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरण पर चर्चा होगी। अनुष्ठान संबंधी गीत, मिथक, लोककथाएं, पहेलियां, लोकोक्तियां, बाल परंपराएं, ऋतु आधारित कथाएं और महिलाओं की मौखिक परंपराएं विमर्श का हिस्सा होंगी। सामुदायिक इतिहास और सांस्कृतिक स्मृतियों को सहेजने में मौखिक महाकाव्यों तथा वीरगाथाओं की भूमिका पर भी विचार किया जाएगा।
विशेष कविता-पाठ और कहानी-पाठ सत्रों में अलग-अलग जनजातीय भाषाओं की साहित्यिक कृतियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इससे जनजातीय लेखकों और कवियों को अपनी रचनाएं और कथाएं व्यापक श्रोताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
भाषा, शिक्षा और पारंपरिक ज्ञान पर मंथन
विभिन्न सत्रों में बहुभाषी शिक्षा और भाषा-साक्षरता को बढ़ावा देने में मौखिक परंपराओं के योगदान पर चर्चा होगी। साथ ही, पीढ़ी-दर-पीढ़ी पारिस्थितिक ज्ञान, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक पहचान के हस्तांतरण में इन परंपराओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जनजातीय साहित्य भारत की सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सामुदायिक इतिहास, जीवन के अनुभवों, प्रकृति से संबंधों, पारंपरिक पारिस्थितिक ज्ञान और सामूहिक स्मृतियों में रची-बसी ये परंपराएं गीतों, लोककथाओं, मौखिक कथाओं और कहानी-कथन के विविध रूपों में पीढ़ियों से आगे बढ़ती रही हैं। हालांकि, कई जनजातीय भाषाओं और उनसे जुड़ी साहित्यिक परंपराओं के दस्तावेजीकरण, नई पीढ़ी तक हस्तांतरण और व्यापक प्रसार की चुनौती बनी हुई है।
विकसित भारत@2047 के विजन से जुड़ा आयोजन
मंत्रालय के अनुसार, यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन के अनुरूप है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों के ज्ञान, भाषाओं और सांस्कृतिक योगदान को समावेशी, ज्ञान-आधारित और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा मान्यता देना है। साथ ही, विकसित भारत की यात्रा में जनजातीय समुदायों की आवाज और विरासत की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव जनजातीय साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने, स्वदेशी कथाओं के संरक्षण और उनके पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरण को प्रोत्साहित करने का प्रयास है। इसके जरिए देश के सांस्कृतिक और अकादमिक विमर्श में जनजातीय भाषाओं एवं साहित्यिक अभिव्यक्तियों को अधिक प्रमुख स्थान देने का लक्ष्य रखा गया है।

सम्बन्धित खबरें