रायगढ़ में जनजातीय संस्कृति का महाकुंभ

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 6,590 views

 

लोक नृत्य महोत्सव में 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार

 शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला प्रतियोगिता में कोटरीमाल की आदि शक्ति कर्मा पार्टी अव्वल

प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी सम्मान

रायगढ़ | 11 नवंबर 2026

मांदर की थाप, पारंपरिक लोकगीत और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे कलाकारों के सामूहिक नृत्य ने रायगढ़ में जनजातीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश की। संत पूज्य प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 में जिले के सातों विकासखंडों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती सहित अन्य महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया।

संस्कृति और परंपराओं को सहेजना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्व आदिवासी समाज के सचिव डॉ. बाल किशोर भगत ने कहा कि जनजातीय लोक नृत्य और आदिवासी लोक कला महोत्सव समाज के लिए गौरव और महत्व का आयोजन है। जनजातीय समाज की संस्कृति, संस्कार, नृत्य, बोली और भाषा अत्यंत समृद्ध हैं। इन्हें संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में आगे बढ़ना और उच्च शिक्षा हासिल कर अच्छे पदों पर पहुंचना जरूरी है, लेकिन अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए। आदिवासी समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार, लोकगीत और लोकनृत्य हैं। लोकनृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की 42 जनजातियों की अपनी अलग विशेषताएं और कलात्मक प्रतिभाएं हैं। सभी जनजातियों को अपनी पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन करना चाहिए, ताकि सांस्कृतिक विरासत और समृद्ध हो सके। उन्होंने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में इस आयोजन को और भव्य स्वरूप देने का आह्वान किया।

नगर निगम रायगढ़ के सभापति डिग्री लाल साहू ने जनजातीय समाज को जय जोहार करते हुए कहा कि अपनी विशिष्ट लोक संस्कृति और परंपराओं के कारण जनजातीय समाज की अलग पहचान है। सांस्कृतिक आयोजनों में जनजातीय कलाकारों की भागीदारी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाती है। उन्होंने सामाजिक संगठन और एकजुटता को विकास के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि एकजुट होकर ही समाज आगे बढ़ सकता है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के अनेक व्यक्तित्व देश के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। आगामी 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा।

मोहनीपुरी चंवरपुर ने जीती कर्मा नृत्य प्रतियोगिता

उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में जिले के सातों विकासखंडों के कर्मा नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक दल को अपनी कला और सांस्कृतिक परंपरा प्रदर्शित करने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और लयबद्ध नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता में लैलूंगा विकासखंड के मोहनीपुरी चंवरपुर कर्मा लोक नृत्य दल ने पहला स्थान हासिल किया। घरघोड़ा के आमापाली (बहिरकेला) कर्मा पार्टी को दूसरा, धरमजयगढ़ के भंडारीपारा कर्मा पार्टी सिथरा को तीसरा और तमनार के जय मां कर्मा सेनी कर्मा नृत्य मंडली, ग्राम मौहापाली को चौथा स्थान मिला।

विजेता दलों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

कोटरीमाल की आदि शक्ति कर्मा पार्टी लोक कला प्रतियोगिता में अव्वल

शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के तहत आयोजित जिला स्तरीय लोक कला नृत्य प्रतियोगिता में भी सातों विकासखंडों की टीमों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इसमें घरघोड़ा विकासखंड की आदि शक्ति कर्मा पार्टी, कोटरीमाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

लैलूंगा के कर्मा आदिवासी लोक नृत्य दल खेड़आमा ने दूसरा, धरमजयगढ़ की मां लक्ष्मी कर्मा पार्टी भुंडीबहरी ने तीसरा, खरसिया की गेढ़ी नृत्य कर्मा पार्टी छिरपानी ने चौथा और रायगढ़ विकासखंड के बसंत विश्वकर्मा दल डोंगीतराई ने पांचवां स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 5 हजार 100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। दोनों प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय कलाकारों को अपनी पारंपरिक कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिला।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, विरासत बचाने का संकल्प

महोत्सव के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंचासीन अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सहेजने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने के लिए प्रेरित होती है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, जनपद पंचायत रायगढ़ के उपाध्यक्ष रामश्याम डनसेना, सोहन चौधरी, जनपद पंचायत सदस्य शांता भगत और अंजू पटेल तथा अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष तारा सिंह राठिया सहित विभिन्न समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन धनेश्वरी सिदार ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन अनुराग नामदेव ने किया।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।