आपातकाल के खिलाफ आंदोलन में उतरे थे उपराष्ट्रपति, जेल में बंद लोगों के परिवारों की भी की थी मदद

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 1,878 views

 

अपने पुराने कॉलेज के प्लैटिनम जुबली समारोह में भावुक हुए सी.पी. राधाकृष्णन

 युवाओं से तकनीक अपनाने, ज्ञान बढ़ाने और नशे से दूर रहने का आह्वान
थूथुकुडी | 11 नवंबर 2026
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने विद्यार्थी जीवन के दिनों को याद करते हुए बताया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वे आपातकाल के खिलाफ आंदोलन में शामिल हुए थे। उस दौर में जेल में बंद लोगों के परिवारों की सहायता के लिए उन्होंने धन जुटाने का प्रयास भी किया था। बुधवार को तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित अपने पूर्व शिक्षण संस्थान वी.ओ. चिदंबरम कॉलेज के प्लैटिनम जुबली समारोह और पूर्व छात्र मिलन कार्यक्रम में उन्होंने ये संस्मरण साझा किए। राधाकृष्णन ने 1975 से 1978 तक इसी कॉलेज में अध्ययन किया था।
पुरानी कक्षा में पहुंचे, सहपाठियों से की मुलाकात
उपराष्ट्रपति ने कॉलेज परिसर में स्वतंत्रता सेनानी वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और संस्थान की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बने स्मारक द्वार का उद्घाटन किया। उन्होंने अपनी पुरानी कक्षा का भी दौरा किया और 1975-78 बैच के सहपाठियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के दिनों, शिक्षकों की सीख और परिसर में मिले अनुभवों को आत्मीयता से याद किया।
उन्होंने कहा कि कॉलेज, यहां के शिक्षकों और उनसे जुड़े व्यक्तित्वों ने उनके नजरिये को आकार दिया और उन्हें बड़े दायित्वों के लिए तैयार किया। विद्यार्थी जीवन में मिले मूल्य और सीख आज भी उनके साथ हैं।
वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई के बलिदान को किया याद
उपराष्ट्रपति ने स्वतंत्रता सेनानी वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई के योगदान को नमन करते हुए उनके बलिदान, श्रमिकों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।
राष्ट्रीय एकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में है। एकजुट राष्ट्र के रूप में भारत तमिल संस्कृति सहित सभी समुदायों की भाषा, संस्कृति और पहचान की रक्षा करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मातृभाषा पर गर्व करने के साथ राष्ट्रीय चेतना मजबूत करने का आग्रह किया। छात्रों को कई भाषाएं सीखने और तमिल भाषा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
नई तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान अपनाए कॉलेज
राधाकृष्णन ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए देशभर में उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कॉलेज से अपनी विरासत को सहेजते हुए नई प्रौद्योगिकी, वैज्ञानिक अनुसंधान और उभरते विषयों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि समाज के सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके।
उन्होंने युवाओं से तकनीक अपनाने, ज्ञान अर्जित करने और आत्म-अनुशासन विकसित करने की अपील की। साथ ही नशीले पदार्थों और नुकसान पहुंचाने वाली आदतों से दूर रहने तथा 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
प्लैटिनम जुबली को नई उपलब्धियों का आरंभ बनाएं
उपराष्ट्रपति ने अपने पुराने संस्थान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कॉलेज की प्लैटिनम जुबली केवल अतीत की उपलब्धियों का उत्सव न होकर भविष्य में और बेहतर काम करने की नई शुरुआत का प्रतीक बननी चाहिए।
कार्यक्रम में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, कॉलेज सचिव ए.पी.सी.वी. चोकलिंगम, प्राचार्य डॉ. सी. वीरबागु, पूर्व छात्र समूह के अध्यक्ष ए.वी. मुरुगेसन, कॉलेज के प्रशासक, संकाय सदस्य, पूर्व छात्र और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें