मजबूत संस्थाएं और जनविश्वास ही समृद्ध भारत की नींव:ओम बिरला

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 3,426 views

लोक सेवकों से नागरिकों की आकांक्षाओं और चिंताओं के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान

अपराध की रोकथाम, जांच और आंतरिक सुरक्षा में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर दिया जोर

नई दिल्ली | 11 नवंबर 2026
सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रभावी संस्थाओं के साथ ऐसे लोक सेवकों की जरूरत है, जो नागरिकों की आकांक्षाओं और चिंताओं के प्रति संवेदनशील हों। जनविश्वास प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। पुलिस अधिकारियों को जनता से निरंतर संवाद बनाए रखते हुए उनकी आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को संसद भवन परिसर में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान यह बात कही।
निष्पक्षता और त्वरित कार्रवाई से जीतें जनता का भरोसा
बिरला ने युवा अधिकारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता, सुलभता और त्वरित कार्रवाई के जरिए नागरिकों का विश्वास अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसी के रूप में नहीं, बल्कि ऐसी भरोसेमंद संस्था के रूप में देखा जाना चाहिए, जो हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ी रहे और उनके अधिकारों तथा सुरक्षा की रक्षा करे। उन्होंने अधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ स्वयं को जनता और राष्ट्र की सेवा में समर्पित करने को कहा।
जनकल्याण को बनाएं पेशेवर आचरण का केंद्र
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव लाने का अनूठा अवसर प्रदान करती है। अधिकारियों को जनकल्याण को अपने पेशेवर आचरण के केंद्र में रखते हुए प्रतिबद्धता, निष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही की भावना के साथ दायित्व निभाने चाहिए।
अपराध की रोकथाम और जांच में तकनीक का इस्तेमाल
पुलिसिंग में प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी भूमिका का उल्लेख करते हुए बिरला ने अपराध की रोकथाम और पहचान के लिए उभरती तकनीकों, डिजिटल उपकरणों, डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक जांच पद्धतियों का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग से कार्यक्षमता बढ़ेगी, पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया बेहतर होगी और कानून-व्यवस्था का पूरा ढांचा मजबूत होगा। इससे आंतरिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता जरूरी
बिरला ने कहा कि समाज के सामने आने वाली चुनौतियां लगातार बदल रही हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को नए विचारों के प्रति खुला रहना चाहिए, अपनी पेशेवर क्षमताओं को लगातार उन्नत करना चाहिए और पुलिसिंग में नए दृष्टिकोण अपनाने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदनशीलता और करुणा का समन्वय जरूरी है।
लोकसभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि युवा अधिकारी अपने प्रशिक्षण, प्रतिबद्धता और उत्साह के बल पर देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने तथा सुरक्षित, संरक्षित और प्रगतिशील भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
संसद और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से हुए परिचित
इस संवाद के दौरान आईपीएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों को लोकसभा अध्यक्ष के साथ विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला। उन्होंने संसद और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

सम्बन्धित खबरें