संभावित बारिश से धान बचाने सभी खरीदी केंद्रों में अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

  • Admin
  • Nov 20, 2026
  • 1,872 views

कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था अनिवार्य, 22 नवंबर तक केंद्र प्रभारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश

महासमुंद, 20 नवंबर 2026।

मौसम में बदलाव और संभावित बारिश को देखते हुए कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश, तेज हवा, जमीन की नमी और जलभराव से धान को सुरक्षित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर, पन्नी और तिरपाल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।

कलेक्टर ने खुले में रखे धान के सभी स्टैक को मजबूत रस्सियों से बांधने के निर्देश दिए हैं, ताकि तेज हवाओं के कारण तिरपाल और कैप कवर उड़ने की स्थिति न बने। जमीन से आने वाले पानी और नमी से धान को बचाने के लिए पर्याप्त ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है।

उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्थिति में केंद्रों में पानी का जमाव नहीं होना चाहिए। केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी धान के स्टैक तक न पहुंचे और खरीदे गए धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

199 केंद्रों में 19,188 क्विंटल धान की खरीदी

जिले के 202 उपार्जन केंद्रों में से 19 नवंबर तक 199 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान के सुरक्षित रखरखाव एवं व्यवस्थित भंडारण के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर भी सख्ती

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के साथ ही अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई में महासमुंद जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक चक्रवात 'अकवान' के सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा और उपार्जन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सम्बन्धित खबरें