‘टोकन तुंहर हाथ’ एप से घर बैठे मिल रहा टोकन, महासमुंद में धान खरीदी व्यवस्था से किसान संतुष्ट

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 2,587 views

सुखरीडबरी उपार्जन केंद्र में 19 नवंबर को 18 किसानों से हुई 636 क्विंटल धान खरीदी, किसानों ने बारदाना और तौल व्यवस्था को बताया सुविधाजनक

महासमुंद, 19 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कृषक उन्नति योजना के तहत महासमुंद जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। जिले के उपार्जन केंद्रों में किसान उत्साह के साथ अपनी उपज बेचने पहुंच रहे हैं। राज्य सरकार के ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप ने किसानों की प्रक्रिया आसान कर दी है। अब किसान घर बैठे मोबाइल से टोकन प्राप्त कर रहे हैं और खरीदी केंद्रों में अनावश्यक इंतजार से बच रहे हैं।

सुखरीडबरी केंद्र में व्यवस्थित खरीदी से किसान संतुष्ट

बागबाहरा विकासखंड की ग्रामीण सहकारी समिति सुखरीडबरी में इस सीजन के लिए कुल 1,127 किसानों का पंजीयन किया गया है। समिति में इस वर्ष 76,896 क्विंटल धान की अनुमानित खरीदी का लक्ष्य बताया गया है। 19 नवंबर को यहां 18 किसान धान बेचने पहुंचे, जिनसे 636 क्विंटल धान खरीदा गया। वहीं, आज दिनांक तक 20 किसानों से कुल 756 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों ने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना की। ग्राम कस्तूरबोड़ से 40 कट्टा धान लेकर पहुंचे किसान शिवलाल पटेल और ग्राम दावनबोड़ से 229 बोरा धान बेचने आए सुरेश कुमार ध्रुव ने बताया कि समिति में उन्हें बिना परेशानी के बारदाना मिल रहा है। धान का तौल भी समय पर और व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।

मोबाइल एप से घर बैठे कटवाया टोकन

डिजिटल सुविधा का लाभ उठा रहे ग्राम अनवरपुर के किसान संतोष पटेल ने बताया कि उन्होंने 16 नवंबर को अपना धान बेचा। टोकन प्राप्त करने के लिए उन्हें समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने घर बैठे ही ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप के माध्यम से टोकन कटवाया और उपार्जन केंद्र पहुंचकर आसानी से 32 क्विंटल 50 किलोग्राम धान का विक्रय किया।

किसानों ने आर्थिक संबल के लिए जताया आभार

किसानों ने राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 13,839 रुपये की राशि दिए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि किसान हितैषी निर्णयों से उन्हें सीधा आर्थिक संबल मिल रहा है। इससे खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

सम्बन्धित खबरें