चाणक्य वार्ता प्रकाशन के 10 वर्ष पूर्ण होने पर ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ का आयोजन

  • Admin
  • Nov 20, 2026
  • 0 views

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की उपस्थिति में ‘जम्मू-कश्मीर : चुनौतियां और संघ’ पुस्तक का विमोचन, संघ के योगदान पर वक्ताओं ने रखे विचार

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026। 

चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की थीम पर किया गया। आयोजन के दूसरे दिन कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के आतिथ्य और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात आयोजक एवं चाणक्य वार्ता के संपादक डॉ. अमित जैन ने अतिथियों और उपस्थित श्रोताओं का स्वागत किया। उन्होंने चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के दस वर्षों के सफर और उपलब्धियों की जानकारी भी दी।

‘जम्मू-कश्मीर : चुनौतियां और संघ’ पुस्तक का विमोचन

संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला के अंतर्गत वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता द्वारा लिखित और धीरेन्द्र मिश्रा द्वारा संपादित पुस्तक ‘जम्मू-कश्मीर : चुनौतियां और संघ’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि एक अच्छी पुस्तक का विमोचन हुआ है। वर्ष 1925 में मातृभूमि की सेवा के संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी। तब से संघ निःस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ राष्ट्र एवं समाज की सेवा कर रहा है। राष्ट्र और समाज के उत्थान में संघ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में इसके उदाहरण भी प्रस्तुत किए।

जम्मू-कश्मीर में संघ के योगदान पर वक्ताओं ने रखे विचार

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि आजादी के बाद सीमित संसाधनों और परिस्थितियों के बावजूद संघ ने जम्मू-कश्मीर में महत्वपूर्ण योगदान दिया और दूसरे विभाजन को रोकने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि संघ विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ मजबूत दीवार की तरह खड़ा रहा। श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान संघ के लिए प्रेरणा बना।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि संघ ने सदैव समाज के साथ मिलकर चुनौतियों का मुकाबला किया और उनके समाधान के प्रयास किए हैं। विभिन्न परिस्थितियों में बलिदान देकर भी संघ समाज के साथ खड़ा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने संघ की स्थापना और जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय से जुड़े विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

लेखक और संपादक ने पुस्तक की विषयवस्तु पर दी जानकारी

कार्यक्रम को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नसीब अली चौधरी ने भी संबोधित किया। पुस्तक के लेखक रमेश गुप्ता और संपादक धीरेन्द्र मिश्रा ने पुस्तक की विषयवस्तु एवं उसके विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन जैनेन्द्र कुमार जैन ने किया। अंत में चाणक्य वार्ता के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार कैलाश कंदोई ने सभी अतिथियों, उपस्थित प्रबुद्धजनों और मीडिया जगत के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्बन्धित खबरें