14 वर्षीय जनजातीय बालिका के यौन उत्पीड़न के आरोपों में कांग्रेस विधायक पर हो कठोरतम कार्रवाई – अभाविप

  • Admin
  • Nov 17, 2026
  • 6,368 views

नई दिल्ली/रांची। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक के विरुद्ध 14 वर्षीय नाबालिग जनजातीय बालिका द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना एवं धमकी के गंभीर आरोपों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) झारखंड ने कार्रवाई की मांग की। परिषद ने मांग की कि मामले की त्वरित जांच कराई जाए, पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित हो।

परिषद ने कहा कि कांग्रेस एवं उसके छात्र संगठन NSUI से जुड़े महिला उत्पीड़न के लगातार सामने आ रहे प्रकरण उनके महिला सम्मान संबंधी दावों की वास्तविकता उजागर कर रहे हैं। वर्ष 2018 में NSUI के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर एक महिला कार्यकर्ता ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में NSUI पदाधिकारी अनस खान को छात्राओं से जुड़े गंभीर प्रकरण में महाविद्यालय प्रशासन ने निलंबित किया है। दूसरी ओर, जेएनयू की छात्राओं की शिकायतों से जुड़े डॉ. बिमोल अकोइजाम को कांग्रेस ने मणिपुर की प्रदेश चुनाव एवं प्रचार समितियों में सदस्य तथा घोषणापत्र समिति में सह-अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। लगातार सामने आ रहे प्रकरणों के बीच कांग्रेस का महिला सम्मान संबंधी विमर्श केवल बयानों तक सीमित दिखाई देता है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, “झारखंड में 14 वर्षीय नाबालिग जनजातीय बालिका से जुड़े यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इस प्रकरण की त्वरित जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को इन मामलों में अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए। अभाविप बालिकाओं की सुरक्षा एवं न्याय के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी।”

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रदेश के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि, “एक 14 वर्षीय जनजातीय बालिका से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में पीड़िता को न्याय दिलाना और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी राजनीतिक पद या प्रभाव के कारण न्याय की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अभाविप झारखंड प्रदेश इस प्रकरण में न्याय सुनिश्चित होने तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।”

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें