अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक पहुंची छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति की गूंज

  • Admin
  • Nov 17, 2026
  • 6,365 views

NACHA ने भारतीय दूतावासों और सामुदायिक संगठनों के साथ मनाया जनजातीय गौरव दिवस, वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि

रायपुर, 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक पहुंची। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है। इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर NACHA के पदाधिकारियों और छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

गणेश कर के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के संगठन एक मंच पर आए

अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से नेशनल इंडिया हब में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में विभिन्न भारतीय राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने एकजुट होकर देश की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया।

भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने समारोह में देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित किया। आयोजन के सामुदायिक समन्वय और नेतृत्व की जिम्मेदारी भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के संगठनों को एक मंच पर लाया गया।

इस अवसर पर NACHA के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका और महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला।

दीपाली सरावगी का शिकागो में सम्मान

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हाल ही में प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी। जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन एवं सम्मान भी किया गया। दीपाली सरावगी यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश साझा किया तथा छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गणेश कर ने कहा कि वे मूल रूप से बस्तर के निवासी हैं और छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति तथा ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानते हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल एक राज्य की संस्कृति का प्रदर्शन करना नहीं था, बल्कि मणिपुर, असम, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों के समुदायों को एक मंच पर लाकर सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देना था।

कनाडा में बिलासपुर के पंकज अग्रवाल ने संभाली अहम जिम्मेदारी

कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से NACHA, टीम ओडिशा, ओएससी, बाजका, टाका, यूपीआईसीए और टीएसएस सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। भारतीय महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

इस आयोजन में मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी, NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष और वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने नेतृत्व एवं समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों और प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

पंकज अग्रवाल ने कहा कि विदेशों में रहकर अपने प्रदेश के जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को प्रस्तुत करना प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान है। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनना सम्मान की बात है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं।

लंदन के नेहरू सेंटर में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रदर्शन

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम में NACHA यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनजातीय समुदायों के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष, लोककला और सांस्कृतिक विविधता को प्रमुखता दी गई।

NACHA यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग तथा सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विचार साझा किए गए। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया गया।

ह्यूस्टन में जनजातीय गौरव दिवस के साथ मनाया छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस

अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में भी भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। NACHA के कार्यकारी प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का संदेश साझा किया।

जनजातीय नायकों की गाथा दुनिया तक पहुंचाना NACHA का संकल्प : दीपाली सरावगी

NACHA की वैश्विक अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 से सम्मानित दीपाली सरावगी ने कहा कि यह सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में भारतीय दूतावासों और उच्चायोग के साथ मिलकर भारत की जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पहल के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनगिनत जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है। प्रदेश की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा से ही नहीं, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता से भी है।

दीपाली सरावगी ने कहा कि उन्हें विशेष प्रसन्नता है कि NACHA के प्रतिनिधि विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के विश्वसनीय सहयोगी बनकर ऐसे महत्वपूर्ण आयोजनों का नेतृत्व कर रहे हैं। यह केवल NACHA की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने बताया कि NACHA का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली पीढ़ियां अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और महान नायकों के योगदान को जानें। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन के सभी NACHA पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्बन्धित खबरें