कांकेर के दुर्गम अंचलों में विकास की नई राह खोल रहे पुल, तीन वर्षों में 174 करोड़ की लागत से 24 निर्माण पूर्ण

  • Admin
  • Nov 17, 2026
  • 7,384 views

19 पुलों का निर्माण जारी, 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मिली मंजूरी

कांकेर, 17 नवंबर 2026। 

जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। विभाग और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। पिछले तीन वर्षों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग में सड़क और पुल निर्माण के कार्यों में भी तेजी आई है।

कांकेर के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़ रुपये, मेढ़की नदी में 12 करोड़ रुपये तथा महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसी तरह भैंसगांव-आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों से क्षेत्र में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था सुगम हुई है तथा विकास कार्यों को गति मिली है। इनके निर्माण से जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय से बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ की लागत से 9 पुलों का निर्माण पूरा

नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद जिले में वृहद पुल निर्माण कार्यों में तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा कराया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपये, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपये, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपये तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं।

इन पुलों से जिले के 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे क्षेत्रवासियों के लिए उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन गतिविधियों, सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और शासन की योजनाओं तक पहुंच आसान हुई है।

पुल बनने से महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा सुगम

नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद नारायणपुर के माड़ क्षेत्र सहित कांकेर जिले के दूरस्थ अंचलों में विकास और अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इनमें मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के पूरा होने से दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क बेहतर होगा और महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

140 करोड़ की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत

कांकेर जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा विकासखंड, तहसील एवं जिला मुख्यालयों तक बारहमासी संपर्क सुनिश्चित करने के लिए राज्य शासन ने 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

इसके साथ ही 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इनका काम शीघ्र शुरू किया जाएगा। स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल शामिल हैं।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।