फिल्म ‘ठंडक’ पर रोचक पैनल चर्चा – सिनेमा की संवेदनशीलता, रचनात्मकता और निर्माण प्रक्रिया पर संवाद

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 5,202 views

नई दिल्ली। 

भारतीय चित्र साधना और दिल्ली फिल्म आयाम के संयुक्त तत्वाधान में 14 नवंबर को आयोजित ‘फिल्म आस्वादन’ कार्यक्रम में फिल्म ‘ठंडक’ की टीम के साथ विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में फिल्म की निर्माता ऋचा गुप्ता, निर्देशक मुकुल वर्मा और अभिनेता हृदय मंजीत सिंह ने सहभागिता की। चर्चा के दौरान फिल्म की परिकल्पना, निर्माण प्रक्रिया, निर्देशन, अभिनय और फिल्म के सामाजिक एवं भावनात्मक पक्षों पर विस्तार से संवाद हुआ।

चर्चा के दौरान निर्माता ऋचा गुप्ता ने फिल्म के निर्माण से जुड़े अनुभवों और इस परियोजना को साकार करने की प्रेरणा पर अपने विचार साझा किए। निर्देशक मुकुल वर्मा ने फिल्म की अवधारणा, कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करने की प्रक्रिया और निर्देशन से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। वहीं, अभिनेता हृदय मंजीत सिंह ने अपने किरदार, अभिनय की तैयारी और शूटिंग के दौरान के अनुभवों को दर्शकों के साथ साझा किया।

पैनल चर्चा में इस बात पर भी विचार-विमर्श हुआ कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज, संवेदनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने का एक प्रभावशाली माध्यम भी है। फिल्म निर्माण में निर्माता, निर्देशक और कलाकारों की सामूहिक भूमिका तथा एक सार्थक कहानी को दर्शकों तक पहुँचाने की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर भारतीय चित्र साधना के सचिव अतुल गंगवार तथा दिल्ली फिल्म आयाम प्रमुख बिजेंद्र कुमार की उपस्थिति रही।

‘फिल्म आस्वादन’ कार्यक्रम का उद्देश्य फिल्मों को केवल देखने तक सीमित न रखते हुए, उनके कथ्य, शिल्प, दृष्टिकोण और सामाजिक प्रभाव को समझने की दृष्टि विकसित करना है। इस प्रकार के आयोजन फिल्मकारों और दर्शकों के बीच सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करते हैं और भारतीय सिनेमा की रचनात्मक समझ को विस्तार देते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों ने फिल्म की टीम के साथ संवाद किया और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से समझा।

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें