दुश्मन को संभलने का मौका न मिले, ऐसी युद्ध क्षमता विकसित करे वायु सेना : राजनाथ सिंह

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 7,868 views

 

आधुनिक युद्ध में ड्रोन, मिसाइल और साइबर-अंतरिक्ष तकनीक निर्णायक

 ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक के आधार पर परिचालन रणनीति मजबूत करने पर जोर एआई आधारित स्वदेशी अनुप्रयोगों का शुभारंभ

नई दिल्ली | 12 नवंबर 2026
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायु सेना को पारंपरिक और उभरते खतरों से निपटने के लिए आक्रामक एवं रक्षात्मक क्षमताएं मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में केवल विमानों की संख्या से जीत तय नहीं होगी, बल्कि तकनीकी श्रेष्ठता, त्वरित प्रतिक्रिया, सटीक तैयारी और तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता निर्णायक साबित होगी। रक्षा बलों को ऐसी कार्यशैली और क्षमताएं विकसित करनी होंगी, जिससे दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का मौका न मिले और भारत किसी भी अप्रत्याशित हमले से अचंभित न हो।
रक्षा मंत्री 12 नवंबर को नई दिल्ली में वायु सेना कमांडरों के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खुफिया एवं निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने, विभिन्न सैन्य प्रणालियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने पर विशेष जोर दिया।
ड्रोन और मिसाइलें बदल रही हैं युद्ध की तस्वीर
राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक संघर्ष अब पारंपरिक युद्धक्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गैर-संपर्क युद्ध के नए क्षेत्रों तक फैल रहे हैं। मिसाइलें, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां युद्ध की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां आधुनिक युद्ध के महत्वपूर्ण घटक बन चुकी हैं।
उन्होंने वायु सेना के कमांडरों से कामिकेज़ ड्रोन, निगरानी ड्रोन और ड्रोन-रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारंपरिक और इलेक्ट्रॉनिक, दोनों माध्यमों से अचानक हमले की आशंका को ध्यान में रखते हुए सैन्य तैयारियों को लगातार मजबूत करना होगा।
साइबर और अंतरिक्ष युद्ध के लिए बने अलग सिद्धांत
रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना से इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, साइबर और अंतरिक्ष जैसे उभरते क्षेत्रों के लिए समर्पित सिद्धांत और ढांचा विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों में सफलता के लिए इन क्षेत्रों में बेहतर तैयारी आवश्यक है। कमांडरों को इन चुनौतियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संस्थागत सोच, सैन्य योजना और परिचालन प्रक्रियाओं में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्षा बल व्यापक परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं। संगठनात्मक ढांचे, संयुक्तता, एकीकरण और परिचालन अवधारणाओं में सुधार किए जा रहे हैं। बदलते सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप सैन्य तैयारियों में निरंतर बदलाव और भविष्य की चुनौतियों का पूर्वानुमान जरूरी है।
ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक को रणनीति में शामिल करें
राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायु सेना की कार्यशैली, सिद्धांतों और परिचालन प्रक्रियाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वायु योद्धाओं ने सौंपे गए कार्यों को व्यावसायिक दक्षता, संयम और विवेक के साथ पूरा किया। इस अभियान से मिली सीख वायु सेना की विकसित होती परिचालन प्रक्रियाओं में दिखाई दे रही है।
उन्होंने विशेष रूप से ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से प्राप्त अनुभव रक्षा बलों में जारी व्यापक परिवर्तन की गति और दिशा तय करने में मदद कर रहे हैं।
तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता ही ताकत
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच प्रभावी समन्वय तथा एक-दूसरे की पूरक भूमिका की सराहना की। उन्होंने तीनों सेनाओं को बेहतर तालमेल और एकीकरण के लिए बधाई देते हुए कहा कि संयुक्तता और एकीकृत प्रयास सैन्य योजना बनाने से लेकर अभियान के क्रियान्वयन तक मार्गदर्शक बने रहने चाहिए।
युवा वायु योद्धाओं की तकनीकी क्षमता का लाभ उठाएं
राजनाथ सिंह ने तेजी से बदलती तकनीक के अनुरूप वायु सेना के कर्मियों का कौशल और क्षमता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कमांडरों से वायु योद्धाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया जारी रखने को कहा। साथ ही युवा रंगरूटों के तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञता का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षमताएं बेहतर निर्णय लेने और संगठनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
अग्निवीरों के दूसरे कार्यकाल से सेनाओं को मिलेगी मजबूती
अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ यानी सेवा के दूसरे कार्यकाल के संबंध में रक्षा मंत्री ने कहा कि यह निर्णय रक्षा बलों से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया है। सरकार नीतिगत निर्णयों में तीनों सेनाओं के सुझावों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से तीनों सेनाओं को और मजबूती मिलेगी।
वायु सेना के एआई सेंटर ने विकसित किए नए अनुप्रयोग
सम्मेलन के दौरान रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना की यूनिट फॉर डिजिटाइजेशन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लीकेशन नेटवर्किंग (उड़ान) के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आंतरिक रूप से विकसित एआई अनुप्रयोगों के समूह का शुभारंभ किया। इनका उपयोग परिचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कार्यों को स्वचालित करने तथा उनकी प्रक्रियाओं को तेज करने में किया जाएगा।
इन अनुप्रयोगों को भारतीय वायु सेना के सुरक्षित नेटवर्क पर स्थापित किया गया है। यह पहल प्रौद्योगिकी आधारित बदलाव और परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में वायु सेना का महत्वपूर्ण कदम है।
‘विकेंद्रीकरण से दक्षता बढ़ाने’ पर मंथन
इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘सशक्तीकरण का वर्ष : विकेंद्रीकरण के माध्यम से दक्षता को अधिकतम करना’ रखा गया है। दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा परिचालन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और रक्षा वित्त सचिव विश्वजीत सहाय उपस्थित रहे। इसमें भारतीय वायु सेना की सभी कमानों के एयर ऑफिसर्स कमांडिंग-इन-चीफ, सभी प्रधान स्टाफ अधिकारी और महानिदेशक भी शामिल हुए।

सम्बन्धित खबरें