अब एक क्लिक पर मिलेगी पढ़ाई से जुड़ी हर जानकारी, केवीएस ने लॉन्च किए तीन डिजिटल प्लेटफॉर्म

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 2,302 views

 

एआई बॉट से शैक्षणिक कमियों की होगी पहचान

 अभिभावक ऐप से देख सकेंगे बच्चों की प्रगति और ऑनलाइन कर सकेंगे प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन

 पूर्व छात्रों को भी जोड़ेगा नया पोर्टल

नई दिल्ली | 12 नवंबर 2026
केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों के लिए डिजिटल सुविधाओं का दायरा बढ़ने जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की तीन प्रमुख डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें ‘समीक्षा’ एआई बॉट से युक्त एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र, केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल और केवीएस एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य स्कूली शिक्षा व्यवस्था में प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देना, प्रशासन को पारदर्शी बनाना और शैक्षिक सेवाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी करना है।
एनईपी 2020 और डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों को मिलेगी मजबूती
प्रह्लाद जोशी ने इन पहलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों को साकार करने और डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इन डिजिटल सुविधाओं की पहुंच और प्रभाव बढ़ाया जाना चाहिए तथा सभी हितधारकों को इनके व्यापक उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
उन्होंने सभी कक्षाओं और क्षेत्रों को शामिल करते हुए इन पहलों का विस्तार प्रत्येक केंद्रीय विद्यालय तक सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही, इनके परिणामों का नियमित आकलन करने, कमियों की पहचान करने और आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया। उन्होंने हितधारकों को निरंतर सीखने और व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
केंद्रीय विद्यालयों से आगे पूरी स्कूली शिक्षा व्यवस्था तक विस्तार का सुझाव
शिक्षा मंत्री ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सहयोग से इन डिजिटल पहलों का दायरा केंद्रीय विद्यालय संगठन से आगे बढ़ाकर संपूर्ण स्कूली शिक्षा व्यवस्था तक ले जाने का सुझाव दिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इनका लाभ मिल सके।
शिक्षकों के क्षमता निर्माण पर जोर देते हुए उन्होंने पोर्टल पर प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत आंकड़े शामिल करने की बात कही। इसमें शिक्षकों की वर्तमान प्रशिक्षण स्थिति, प्रशिक्षण की कमियां, पहले प्राप्त प्रशिक्षण का रिकॉर्ड और भविष्य में जरूरी प्रशिक्षण का विवरण शामिल करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, इन सभी जानकारियों को एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने से प्रशिक्षण गतिविधियों की निगरानी बेहतर होगी और शिक्षकों को समय पर आवश्यक प्रशिक्षण देने में मदद मिलेगी।
एआई बॉट बताएगा कहां सुधार की जरूरत
एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (samiksha.kvs.gov.in) विद्यार्थियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, विद्यालयों के बुनियादी ढांचे तथा प्रवेश से संबंधित जानकारी का रियल-टाइम डैशबोर्ड उपलब्ध कराएगा। इसमें शामिल ‘समीक्षा’ एआई बॉट उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर कमियों की पहचान करेगा और सुधार के लिए जरूरी कदम सुझाएगा। इससे विद्यालयों और प्रशासन को समय पर निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।
अभिभावक ऐप से देख सकेंगे बच्चों की पढ़ाई और परिणाम
केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल (samvaad.kvs.gov.in) के माध्यम से अभिभावक सीधे विद्यालयों से जुड़ सकेंगे। इस प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, शैक्षणिक परिणाम, शिक्षण संसाधन और डिजिटल छात्र पहचान पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अभिभावक छात्र एवं शिक्षक डायरी भी देख सकेंगे। इसके अलावा बोनाफाइड प्रमाणपत्र, सीईए प्रमाणपत्र और विद्यार्थी की छुट्टी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे अभिभावक-शिक्षक संवाद अधिक सुगम और प्रभावी होगा। साथ ही, कागजी कार्रवाई तथा छोटे-छोटे कामों के लिए विद्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
पूर्व छात्रों को विद्यालय और सहपाठियों से जोड़ेगा पोर्टल
केवीएस एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल (alumni.kvs.gov.in) पूर्व विद्यार्थियों को अपने विद्यालयों और पुराने सहपाठियों से दोबारा जुड़ने का अवसर देगा। इसके माध्यम से वे अपनी उपलब्धियां और अनुभव साझा कर सकेंगे। साथ ही, मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और संस्थागत विकास में भी योगदान दे सकेंगे।
केवीएस ने अपने स्तर पर विकसित किए सभी प्लेटफॉर्म
केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्यालय के आईटी सेवा प्रकोष्ठ ने इन तीनों डिजिटल प्लेटफॉर्म को आंतरिक रूप से विकसित किया है। इनका मकसद जरूरी सूचनाओं और सेवाओं को एक क्लिक पर उपलब्ध कराना है, जिससे अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासकों का समय एवं प्रयास बच सके। संगठन के अनुसार, ये पहल शैक्षिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टी.के. अनिल कुमार, संयुक्त सचिव प्राची पांडेय, केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें