वीर जवानों की शौर्यगाथा अब डिजिटल मंच पर, रक्षा राज्य मंत्री ने लॉन्च किया नया पोर्टल

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 5,631 views

 

वीरता पुरस्कार विजेताओं के साहस और बलिदान की कहानियां होंगी संरक्षित

‘वीर गाथा’ से जुड़ेंगे देश-विदेश के करोड़ों विद्यार्थी

 पांचवें संस्करण में 1.92 करोड़ से अधिक की भागीदारी

नई दिल्ली | 12 नवंबर 2026
देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने डिजिटल पहल की है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 12 नवंबर को नई दिल्ली में संशोधित गैलेंट्री अवार्ड (वीरता पुरस्कार) पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों, उनके पराक्रम, युद्धों और स्वतंत्रता के बाद के सैन्य अभियानों से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। इसका उद्देश्य भारत की सैन्य विरासत को संरक्षित करने के साथ युवाओं में देशभक्ति और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है।
आसान नेविगेशन और आधुनिक सुविधाओं से लैस पोर्टल
पुनर्विकसित पोर्टल (https://gallantryawards.gov.in) को नागरिकों की सुविधा के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें बेहतर यूजर इंटरफेस, आसान नेविगेशन, विभिन्न उपकरणों के अनुकूल डिजाइन और सुगम पहुंच की सुविधाएं जोड़ी गई हैं। पोर्टल पर कार्यक्रम, स्मारक एवं संग्रहालय, वॉरपीडिया, पुरस्कार प्राप्तकर्ता, गैलेंट्रीपीडिया (लेख), मीडिया और संवादात्मक श्रद्धांजलि जैसे विशेष अनुभाग उपलब्ध कराए गए हैं। इनके माध्यम से आम नागरिक देश के सैन्य इतिहास को जान सकेंगे और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
‘वीर गाथा’ से विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा
पोर्टल का विशेष आकर्षण ‘वीर गाथा’ अनुभाग है। इसमें इसके प्रत्येक संस्करण के लिए अलग पृष्ठ तैयार किया गया है। यहां संस्करण का परिचय, विषय, घटनाओं का कालानुक्रमिक विवरण, मूल्यांकन के मानदंड, पुरस्कार, अध्ययन संसाधन, परिणाम, सम्मान समारोह, मीडिया गैलरी और विद्यार्थियों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी।
इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों की प्रेरक कहानियों से सीधे जोड़ा जा रहा है। विद्यार्थी इन सैनिकों के साहस, संघर्ष और बलिदान से सीख लेकर अपनी रचनाओं के माध्यम से विचार और भावनाएं व्यक्त करते हैं।
8 लाख से बढ़कर 1.92 करोड़ तक पहुंची विद्यार्थियों की भागीदारी
‘वीर गाथा’ पहल का दायरा लगातार बढ़ा है। इसके पहले संस्करण में लगभग 8 लाख विद्यार्थी और 4,788 स्कूल शामिल हुए थे। पांचवें संस्करण तक यह भागीदारी बढ़कर 1.92 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों और 1.9 लाख स्कूलों तक पहुंच गई है। इसमें केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध 18 देशों के 91 स्कूलों के 28,005 विद्यार्थी भी शामिल हैं।
सैन्य इतिहास का बनेगा प्रामाणिक डिजिटल संग्रह
इस डिजिटल पहल का व्यापक उद्देश्य वीरता पुरस्कारों, उन्हें प्राप्त करने वाले सैनिकों, लड़े गए युद्धों और स्वतंत्रता के बाद संचालित सैन्य अभियानों से जुड़ी जानकारी का प्रामाणिक संग्रह तैयार करना है। इसके जरिए देश की सैन्य विरासत को व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भारत के वीर सैनिकों के योगदान और बलिदान से परिचित हो सके।
कार्यक्रम में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें