गांव में ही बिकी 3,850 क्विंटल मक्का, मंडी से अधिक मिला भाव

  • Admin
  • Nov 22, 2026
  • 3,689 views

‘बिहान’ की पहल से बस्तर के किसानों को मिला सीधा बाजार, बिचौलियों और परिवहन खर्च से मिली राहत

बस्तर, 22 नवंबर 2026।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की पहल बस्तर जिले में सकारात्मक परिणाम दे रही है। अब बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को मक्का बेचने के लिए मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्हें गांव में ही मंडी से बेहतर दाम मिल रहे हैं।

इस पहल के तहत गठित 10 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) में से दो एफपीओ—‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’, बकावंड और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’, दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से कुल 3,850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी की। इसके बाद इस उपज को स्थानीय व्यापारी ‘सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड’ को बेचा गया। इससे खरीदी और बिक्री की प्रक्रिया पारदर्शी एवं लाभकारी बनी।

परिवहन खर्च और समय की बचत

किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गांव में ही बाजार एवं मंडी दर से अधिक कीमत पर मक्का खरीदा जा रहा है। इससे किसानों को अपनी उपज शहर या मंडी तक पहुंचाने में लगने वाले परिवहन खर्च से राहत मिली है। साथ ही मंडी में इंतजार और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाला समय भी बच रहा है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है और उनकी आय में बढ़ोतरी हो रही है।

खाद-बीज भी उचित दर पर उपलब्ध कराने की तैयारी

मक्का खरीदी में मिली सफलता के बाद एफपीओ कंपनियां अब किसानों को खेती के लिए जरूरी इनपुट सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके तहत खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां उचित दर पर उपलब्ध कराने के लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग की प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीसी के माध्यम से किसानों को समय पर और कम लागत में कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे किसानों की अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।

एफपीसी के पदाधिकारियों ने बताया कि लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस व्यवस्था से किसान अपनी उपज बेहतर कीमत पर बेचने के साथ ही खेती के लिए आवश्यक संसाधन भी एक ही स्थान पर उचित दर पर प्राप्त कर सकेंगे।

इस पूरी प्रक्रिया में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।

सम्बन्धित खबरें