निश्चय कार्यक्रम से बंदियों को मिला हुनर, 70 बंदियों को प्रशिक्षण के बाद प्रमाण-पत्र वितरित

  • Admin
  • Nov 22, 2026
  • 8,766 views

40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर की बारीकियां, 30 महिला बंदियों ने लिया ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण

कौशल विकास के जरिए रिहाई के बाद आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की पहल

रायपुर, 22 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ना और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करना है।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।

कौशल विकास से बंदियों के जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव : हिमांशु गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में सार्थक पहल है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। इससे बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास विकसित होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण मिलने से रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

महानिदेशक ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करता है। बंदियों को उपयोगी हुनर से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा और हुनर से खुलेंगे आत्मनिर्भरता के नए रास्ते

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

सुधार और पुनर्वास के केंद्र बनेंगी जेलें

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव तथा पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे प्रशिक्षण बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने और रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें