पचमढ़ी की वादियों में हुनर आजमाएंगे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के युवा स्काउट-गाइड

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 2,344 views

 

 

12 से 16 नवंबर तक आयोजित होगा एडवेंचर कैम्प

 ट्रैक सूट, बैग, कैप और पानी की बोतल से सुसज्जित किट वितरित

साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता निखारने का मिलेगा अवसर

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही | 5 नवंबर 2026पचमढ़ी की पहाड़ियों और प्राकृतिक वादियों में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के 46 स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर साहसिक गतिविधियों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से 12 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले एडवेंचर कैम्प में जिले के प्रतिभागी शामिल होंगे। उनके साथ दो गाइडर और दो स्काउटर भी शिविर में सहभागिता करेंगे। इस आयोजन से युवाओं को रोमांचक गतिविधियों के साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।

जिला मुख्य आयुक्त ने वितरित की प्रतिभागियों को किट

शिविर की तैयारियों के तहत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज वी. जैन ने सभी प्रतिभागियों को आवश्यक सामग्री की किट वितरित की। इसमें ट्रैक सूट, बैग, कैप और पानी की बोतल शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर विजय दयाराम के. की ओर से भी सभी प्रतिभागियों को शिविर में सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

साहस के साथ नेतृत्व और आत्मविश्वास का मिलेगा प्रशिक्षण

पचमढ़ी एडवेंचर कैम्प में भागीदारी से जिले के स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होने के साथ समूह में मिलकर काम करने का कौशल भी मजबूत होगा। शिविर के दौरान मिलने वाले अनुभव युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, नई चुनौतियों का सामना करने और कठिन परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करेंगे।

सम्बन्धित खबरें