मरकाटोला घाट हादसा: घायलों से मिले उप मुख्यमंत्री, बेहतर इलाज के दिए निर्देश; चार अस्पताल से डिस्चार्ज

  • Admin
  • Oct 01, 2026
  • 5,910 views

कवर्धा, 01 अक्टूबर 2026। 

नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट में हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों का हाल जानने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से उपचार व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतुष्टि जताई।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी बातचीत कर उपचार की स्थिति और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्वास्थ्य स्थिति और आगे किए जाने वाले उपचार के संबंध में जानकारी ली।

चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। उनकी शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में इस दौरान सुपरिटेंडेंट डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हादसे के बाद लगातार उपचार की जानकारी ले रहे उप मुख्यमंत्री

मरकाटोला घाट हादसे के बाद से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा लगातार घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराया जा रहा है।

घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

चार घायलों को मिली अस्पताल से छुट्टी

हादसे में घायल चार लोगों की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इनमें अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र शामिल हैं।

सम्बन्धित खबरें