राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली को विजय शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

  • Admin
  • Oct 19, 2026
  • 9,737 views

सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की: उप मुख्यमंत्री

कबीरधाम में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान, 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा अभियान का संदेश

कवर्धा, 19 अक्टूबर 2026। 

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लें युवा

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने का अभियान है। अखिल भारतीय सेवाएं, जीएसटी, आधार, वन नेशन-वन राशन कार्ड और राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों और राजनीतिक दलों के बीच मतभिन्नता हो सकती है, लेकिन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

विजय शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों को प्रगति की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ा जा सके। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने और देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की।

31 अक्टूबर को एकता नगर में संपन्न होगा अभियान

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह देशव्यापी बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएगी। अभियान को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार प्रमुख जोन में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान भाग ले रहे हैं।

मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना हुई रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। रायपुर में स्वागत और सम्मान समारोह के बाद 18 अक्टूबर को बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंची।

रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर से होकर आगे बढ़ेगी। अभियान का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में होगा।

दोनों राज्यों के पुलिस राइडर्स का सम्मान

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और उनके साथी राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर रविन्द्र गिरी और उनके साथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने देशभर में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए राइडर्स के प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान अतिथियों, युवाओं और नागरिकों ने नशामुक्ति के संदेश के साथ सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान में भागीदारी निभाई।

कबीरधाम पुलिस की टीम भी हुई शामिल

कार्यक्रम के समापन पर विजय शर्मा ने रैली को मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ शामिल हुई। जिला पुलिस के जवानों ने रैली के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक यात्रा कर राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के युवा प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कवर्धा पहुंचने पर राइडर्स का हुआ था स्वागत

18 अक्टूबर को कबीरधाम जिले में प्रवेश करने पर रैली के ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के राइडर्स का कवर्धा के सिग्नल चौक पर पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

सम्बन्धित खबरें