वैज्ञानिक तरीके से वृक्षों की कटाई और काष्ठ निष्कासन पर जोर, वन विकास निगम ने मैदानी अमले को दिया प्रशिक्षण

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 6,420 views

कवर्धा के सिंगपुर बीट में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, गुणवत्तापूर्ण काष्ठ उत्पादन के साथ श्रमिकों की सुरक्षा और वन संरक्षण पर विशेष ध्यान

कवर्धा, 13 अक्टूबर 2026। 

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने काष्ठ निष्कासन की गुणवत्ता बढ़ाने, वन संरक्षण को सुनिश्चित करने और श्रमिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से कवर्धा के सिंगपुर बीट में एक दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में मैदानी अमले को वृक्षों के वैज्ञानिक पातन और लॉगिंग यानी लट्ठे तैयार करने की उन्नत तकनीकों का जंगल में प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर प्रशिक्षण दिया गया।

गुणवत्तापूर्ण काष्ठ उत्पादन पर जोर

कार्यशाला में बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण काष्ठ तैयार करने और निगम का राजस्व बढ़ाने के लिए निर्धारित लॉगिंग प्लान का शत-प्रतिशत पालन करने पर जोर दिया गया। मैदानी अमले को काष्ठ की लंबाई और निर्धारित श्रेणी के अनुसार कटाई एवं छंटाई करने की तकनीकी जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य उपलब्ध काष्ठ का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।

श्रमिक सुरक्षा और वन संरक्षण पर विशेष ध्यान

प्रशिक्षण के दौरान वृक्षों की कटाई करते समय श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही आसपास मौजूद छोटे पौधों और प्राकृतिक पुनरुत्पादन को नुकसान से बचाने के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। कार्यशाला में उन्नत तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग के माध्यम से काष्ठ निष्कासन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

अधिकारियों और मैदानी श्रमिकों ने लिया प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक अमरनाथ प्रसाद के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में क्षेत्रीय महाप्रबंधक राम अवतार दुबे, मंडल प्रबंधक राम कुमार सिदार सहित अन्य अधिकारी, कूप प्रभारी और मैदानी श्रमिक शामिल हुए। कार्यशाला के माध्यम से मैदानी अमले की तकनीकी दक्षता बढ़ाने, काष्ठ की गुणवत्ता में सुधार लाने और वन संसाधनों के संरक्षण के साथ सुरक्षित कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

सम्बन्धित खबरें