हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण के लिए भारत-श्रीलंका सहयोग होगा मजबूत

  • Admin
  • Nov 03, 2026
  • 4,527 views

मिरिसा में दोनों देशों के तटरक्षक बलों की 9वीं उच्च स्तरीय बैठक

समुद्री खोज एवं बचाव, कानून प्रवर्तन

तकनीकी सहायता और संयुक्त कार्रवाई पर बनी सहमति

मिरिसा (श्रीलंका), 3 नवंबर। हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपात स्थितियों से निपटने के लिए भारत और श्रीलंका ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया है। इस दिशा में भारतीय तटरक्षक बल और श्रीलंका के तटीय बल के बीच 9वीं उच्च स्तरीय बैठक मंगलवार को श्रीलंका के मिरिसा में आयोजित हुई। बैठक में समुद्री प्रदूषण नियंत्रण, खोज एवं बचाव अभियान तथा समुद्री कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन सहित साझा समुद्री हितों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया, जबकि श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई श्रीलंका के तटीय बल के महानिदेशक रियर एडमिरल रुवान रूपासेना ने की।

समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए परिचालन समन्वय पर जोर

बैठक में दोनों देशों के तटरक्षक बलों के बीच परिचालन सहयोग बढ़ाने के साथ क्षमता विकास और तकनीकी सहायता से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। समुद्री आपात स्थितियों में त्वरित और समन्वित कार्रवाई, खोज एवं बचाव अभियानों की प्रभावशीलता तथा समुद्री प्रदूषण से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने उभरती समुद्री चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने और साझा समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंद महासागर में सुरक्षित और स्वच्छ समुद्री क्षेत्र का साझा लक्ष्य

दोनों तटरक्षक बलों ने द्विपक्षीय सहयोग का दायरा व्यापक बनाने और समुद्री आपात स्थितियों से निपटने के लिए समन्वित कार्रवाई को प्रोत्साहित करने पर सहमति जताई। साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित एवं स्वच्छ समुद्री पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने के साझा संकल्प को रेखांकित किया।

सम्बन्धित खबरें