अवैध शराब के नेटवर्क पर पूरे प्रदेश में एक साथ कार्रवाई होगी :सीएम मोहन

  • Admin
  • Nov 03, 2026
  • 2,350 views

 

देवास हादसे में मुख्य सरगना राहुल जायसवाल सहित वाहन चालक और मालिक गिरफ्तार; बलिदानी पुलिस उपनिरीक्षक की पत्नी को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति

 पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता

भोपाल, 3 नवंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पूरे राज्य में एक साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। देवास में हुई घटना को लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दीपावली पर प्रतिबंधित पटाखों और खतरनाक विस्फोटक सामग्री का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों को कार्बाइड गन और ऐसे पटाखों से दूर रखने का आग्रह किया।

अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2029 तक ड्रग माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्णय के अनुरूप प्रदेश में भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। दीपावली के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंध के बावजूद इस्तेमाल की जाने वाली विस्फोटक सामग्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ पूरे प्रदेश में एक साथ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।

देवास हादसे की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवास के पास हुई घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। थाना प्रभारी से संबंधित दुखद घटना के बाद राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन भी उनके निर्देश पर मौके पर पहुंचे। उनके मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सरकार की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली।

बलिदानी पुलिस उपनिरीक्षक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने बताया कि वीर बलिदानी स्वर्गीय दिलीप पुरी की पत्नी को उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार करने वालों और शराब माफिया के खिलाफ पुलिस पूरी दृढ़ता से कार्रवाई करेगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य सरगना गिरफ्तार, आबकारी अधिकारी निलंबित

मुख्यमंत्री ने बताया कि देवास की घटना से जुड़े अवैध शराब नेटवर्क के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन चालक और वाहन मालिक भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्परता और दक्षता के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रदेश में चलाया गया अभियान समय-सीमा में सफल रहा है। इसी तरह अन्य अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए भी वरिष्ठ अधिकारियों का समूह प्रभावी तंत्र तैयार कर रहा है।

सम्बन्धित खबरें