कोरबा की बेटी संजू देवी का स्वर्णिम कमाल, एशियन गेम्स में भारत ने जीता कबड्डी का गोल्ड

  • Admin
  • Sep 26, 2026
  • 3,716 views

कोरबा की बेटी संजू देवी का स्वर्णिम कमाल, एशियन गेम्स में भारत ने जीता कबड्डी का गोल्ड

मुख्यमंत्री ने फोन पर संजू देवी से की आत्मीय बातचीत, ऐतिहासिक सफलता पर दी बधाई

कोरबा, 26 सितंबर 2026। 

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संजू देवी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।

भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी को फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने संजू देवी से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

प्रदेश की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परचम लहरा रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने अपनी मेहनत और खेल कौशल के बल पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराकर जीता स्वर्ण

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित किया और स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में कोरबा की संजू देवी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संजू देवी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

सम्बन्धित खबरें