कोरबा में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 6,413 views

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

कोरबा, 16 अक्टूबर 2026।

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा जिले में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।

क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से करें

सचिव बंसल ने अधिकारियों को सड़कों पर बीटी पैच मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन प्रभावित न हो और लोगों को सुरक्षित व सुगम यातायात की सुविधा मिले, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करने पर भी जोर दिया, ताकि प्रगति बाधित न हो। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों की कड़ी निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा कराएं, जिससे आमजन को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके।

इन मार्गों और सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तथा हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने 2.84 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण और समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) सुरेश भूपल, कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े सहित विभागीय अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें