आपातकाल और संविधान से छेड़छाड़ के बावजूद लोकतंत्र मजबूत, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश: सीएम मोहन

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 8,937 views

 

संविधान गौरव दिवस पर बोले मुख्यमंत्री मोहन—दूषित मानसिकता ने संविधान को पहुंचाई चोट

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, बाबा साहेब के अधूरे कार्य पूरे करने का लें संकल्प

भोपाल | 26 नवंबर 2026

आपातकाल और प्रेस पर बंदिशों के दौर से गुजरने के बावजूद भारत का लोकतंत्र आज भी मजबूत है। कई देशों में हिंसा और हथियारों के बल पर सत्ता परिवर्तन हुए, लेकिन भारत में संविधान की ताकत से लोकतंत्र कायम रहा। कुछ व्यक्तियों और दलों ने अपनी दूषित मानसिकता के कारण संविधान को आहत किया, लेकिन आज देश में संविधान को पूरा महत्व और सम्मान मिल रहा है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संविधान गौरव दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। यह दिवस संविधान के लगभग आठ दशक के सफर की समीक्षा करने का अवसर है। आज भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा सशक्त लोकतांत्रिक देश है। दुनिया भारत की लोकतांत्रिक विशेषता से हैरान है। संविधान हमें लोकतांत्रिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
पांच साल में चुनाव, जनता चुनती है अपना प्रतिनिधि
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में हर पांच साल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव होते हैं और नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है। लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली। किसी भी सरकार के कामकाज का आधार क्या होना चाहिए, यह संविधान में स्पष्ट किया गया है। संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश का नाम इंडिया हो या भारत, इस पर निर्णय के लिए मध्य क्षेत्र को मध्य भारत प्रांत की मान्यता दी गई। यहीं से देश का नाम भारत रखने के निर्णय को बल मिला।
उन्होंने कहा कि शाहबानो प्रकरण से लेकर कश्मीर में अनुच्छेद 370 की समाप्ति तक के घटनाक्रम बताते हैं कि कुछ व्यक्तियों और दलों ने संविधान को आहत किया। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर प्रतिबंधों के बावजूद देश का लोकतंत्र अपनी मजबूती बनाए रखने में सफल रहा।
समान कानून का समर्थन, विक्रम संवत को नहीं मिली मान्यता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकुमारी अमृत कौर ने देश में पहली बार सभी नागरिकों के लिए समान कानून का समर्थन किया था। संविधान में समानता की बात कही गई है। यह एक प्रकार से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन था। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत को मान्यता देने के बजाय नया राष्ट्रीय पंचांग शक संवत लागू किया गया, जबकि इसमें तिथि और महीनों की व्यवस्था विक्रम संवत जैसी ही है। तत्कालीन सरकारों ने सम्राट विक्रमादित्य द्वारा दिए गए विक्रम संवत को आगे नहीं बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक क्रांतिकारियों ने प्राणों का बलिदान दिया। एक हजार वर्ष पूर्व पृथ्वीराज सिंह चौहान से शुरू हुआ बलिदान का यह क्रम लगातार आगे बढ़ा। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की बदौलत आज गरीब से गरीब परिवार का व्यक्ति भी सत्ता के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। संविधान ने नागरिकों को यह शक्ति दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सरकार चला रहे हैं और सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेताओं में शामिल हैं।
बाबा साहेब के अधूरे कार्य पूरे करने का संकल्प लें: शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि संविधान ने देश को न्याय, समानता, एकता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जो जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली थी, उनके उस अधूरे कार्य को पूरा करने का संकल्प लेने का यह अवसर है। संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल सहित सभी सदस्यों ने भारत की अखंडता के लिए इस दिव्य संविधान की रचना की। इसमें महिला सदस्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का मानना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के भाव से बाबा साहेब के आदर्शों को धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रधानमंत्री का मानना है कि संविधान भारत की एकता, न्याय और समानता का पथप्रदर्शक है और करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का अभिन्न अंग है।
शेखावत ने कहा कि बाबा साहेब ने धर्म और पहचान के आधार पर आरक्षण का पुरजोर विरोध किया था। उनका मानना था कि आरक्षण आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक आधार पर दिया जाना चाहिए। किसी समाज की प्रगति का आकलन महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है। सरकार महिलाओं और बहन-बेटियों को अधिकार दिलाने के लिए काम कर रही है। बाबा साहेब ने महिलाओं के लिए विरासत, विवाह, तलाक और समान अधिकारों की वकालत की थी। भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के मुहाने पर खड़ा है। आने वाली पीढ़ी के लिए विकसित भारत का निर्माण करने के साथ अपने कर्तव्य भाव को भी जागृत करना होगा।
संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है
हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रोहित आर्य ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत का संविधान अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। यह दिन देशवासियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराने का अवसर है। संविधान ने नागरिकों को समानता, न्याय और सम्मान का अधिकार दिया है।
मोदी की पहल से बने अंबेडकर के पांचों स्थान पंचतीर्थ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देशवासियों को संविधान जैसा पवित्र ग्रंथ दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर 2015 से संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की। डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के महू में है। उन्होंने जीवन में अनेक कष्ट सहे और अपनी पीड़ा को प्रेरणा बनाया। खंडेलवाल ने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन सरकार ने संविधान का गला घोंट दिया था। प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर अंबेडकर के जीवन से जुड़े सभी पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन, कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
संगोष्ठी से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों का स्वागत भी किया गया।

सम्बन्धित खबरें