तीन माह में 26वें से 9वें स्थान पर पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस, डिजिटल जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर जोर

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 3,450 views

 

नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर पुलिस-न्यायविदों का मंथन, 35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण

रायपुर | 26 नवंबर 2026

नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक विवेचना और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से छत्तीसगढ़ की आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। ई-साक्ष्य और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पुलिस ने महज तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने संविधान दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय समिट में कही।
‘रिफॉर्म टू रियलिटी : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित समिट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों और विधि शिक्षाविदों ने नए कानूनों के क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों, वैज्ञानिक विवेचना और आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
डिजिटल न्याय व्यवस्था बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें से 9वें स्थान तक पहुंचना पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, निरंतर प्रशिक्षण तथा आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। अब छत्तीसगढ़ पुलिस को नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप पूर्णतः डिजिटल न्याय व्यवस्था वाला राज्य बनाना है। इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस को स्थापना के महज 24 वर्षों के भीतर प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान प्राप्त होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान पुलिस की कार्यकुशलता, अनुशासन, पेशेवर प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। नए कानूनों के क्रियान्वयन में पुलिस, अभियोजन, न्यायपालिका और विधि शिक्षाविदों के बीच निरंतर संवाद तथा बेहतर समन्वय जरूरी है। विवेचना की गुणवत्ता, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से दोषसिद्धि दर में सुधार लाया जा सकता है।
संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई
संविधान अंगीकृत किए जाने के 77 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और समिट में शामिल प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश गौतम भादुड़ी ने पुलिस नेतृत्व और कार्यों की सराहना करते हुए मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निष्पक्ष और न्यायसंगत कार्रवाई पर जोर दिया।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन, ई-साक्ष्य और आधुनिक विवेचना पद्धतियों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।
35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण
पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से अब तक विभिन्न स्तरों के 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का गहन प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने कानूनी सुधारों के अनुरूप संस्थागत क्षमता विकसित करने और निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे प्रावधानों को आम नागरिकों के लिए न्याय तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नए आपराधिक कानूनों की मसौदा समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रणबीर सिंह की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पुलिस तथा हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत भारतीय पुलिस सेवा, राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों, मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों, नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों और उप निरीक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं पुनश्चर्या पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
तीन तकनीकी सत्रों में वैज्ञानिक विवेचना पर चर्चा
समिट में तीन विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अरविंद कुमार वर्मा ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में साक्ष्य संकलन, जब्ती प्रक्रिया, वैधानिक प्रावधानों और प्रक्रियागत त्रुटियों को दूर करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
पूर्व न्यायाधीश दीपक कुमार तिवारी ने आपराधिक न्याय प्रणाली में पुलिस अधिकारियों की भूमिका तथा विवेचना की गुणवत्ता और शुचिता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधूरी विवेचना, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की छूटी कड़ियों और फोरेंसिक रिपोर्ट में देरी के न्यायिक निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने अभियोजन का पक्ष मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध और वैज्ञानिक विवेचना की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रदेशभर के 35 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन जुड़े
समिट में प्रदेशभर से करीब 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिससे सभी जिलों के लगभग 35 हजार पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सहित अभियोजन और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दीपांशु काबरा, पुलिस महानिरीक्षक ओ.पी. पाल, उप पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार, राज्य पुलिस अकादमी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, सोनिया उके और शुभम तोमर सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव और सेंटर फॉर कम्पैरेटिव लॉ के प्रमुख अभिनव के. शुक्ला ने किया।

सम्बन्धित खबरें