छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल अब यूरोप के बाजारों में पहुंचेंगे, बार्सिलोना में वैश्विक ब्रांडिंग पर बनी सहमति

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 1,695 views

 

जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में होगी ब्रांडिंग

निर्यातकों और किसानों को विदेशी खरीदारों से जोड़ने की पहल

स्पेन, बार्सिलोना | 26 नवंबर 2026

धान के कटोरे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अब वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और यूरोपीय खरीदारों से जोड़ने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में अहम व्यावसायिक चर्चा हुई। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक कर प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी और निर्यात संभावनाओं पर चर्चा की।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में चमकेंगे छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी शामिल रहे। भारत की काउंसिल जनरल की विदेश सेवा अधिकारी आर्स निसार भी उपस्थित थीं। चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के जरिए प्रचारित करने पर सहयोग की बात कही गई। फिरा बार्सिलोना संस्था ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों पर पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
किसानों, एफपीओ और निर्यातकों को मिलेंगे नए अवसर
फिरा बार्सिलोना संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में समन्वय के बाद छत्तीसगढ़ के साथ इस पहल से प्रदेश के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बार्सिलोना में हुई व्यावसायिक चर्चा इस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में पहुंचाने के साथ विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने और किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक पहुंचने की यह पहल प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सम्बन्धित खबरें