डिग्री के साथ संस्कार भी जरूरी, संविधान के मूल्य युवाओं के व्यवहार में दिखें: राज्यपाल

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 3,115 views

 

महू में डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में बोले मंगुभाई पटेल

सामाजिक समरसता, शोध, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर

महू | 26 नवंबर 2026

संविधान के मूल्य केवल संसद और न्यायालयों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और युवाओं के व्यवहार में दिखाई देने चाहिए। समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय को जीवन में उतारना ही संविधान के प्रति सच्चा सम्मान है। युवाओं में संविधान के प्रति जुड़ाव गहरा करने के निरंतर प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करेंगे तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को डॉ. बीआर अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू के आठवें दीक्षांत समारोह में यह बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कर उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक समरसता भाषण नहीं, व्यवहार में दिखे
राज्यपाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य शिक्षण पद्धति, शोध और दैनिक व्यवहार में दिखाई दें। केवल सामाजिक समरसता की बात करना पर्याप्त नहीं, इसे व्यवहार में भी उतारना होगा। शिक्षित व्यक्ति के व्यवहार में संवेदनशीलता, आत्मीयता और समानता का भाव होना जरूरी है। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित समुदाय से आने के कारण उसके प्रति भेदभाव नहीं होना चाहिए।
दीक्षांत समारोह को 365 दिन के संकल्प में बदलें
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव भर नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर भी है। समारोह में ली गई प्रतिज्ञा को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि 365 दिन पालन करने का संकल्प लें। विद्यार्थी जीवन में खूब आगे बढ़ें, अच्छा प्लेसमेंट और सफलता हासिल करें, लेकिन व्यक्तिगत प्रगति के साथ माता-पिता, समाज और देश को कभी न भूलें।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। संस्थान में पांच वर्ष या उससे अधिक समय बिताने वाले विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा और संस्कार दिए जाएं, जिससे वे परिवार, समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें। कुलपति और प्राध्यापक संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और वंचित समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के प्रयासों पर लगातार आत्मचिंतन करें।
समाज की समस्याओं का समाधान बने विश्वविद्यालयों का शोध
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों का शोध केवल अकादमिक उपलब्धियों और शोध पत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शोध समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने वाला हो और शासन की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा देने में उपयोगी साबित हो। ग्रामीण और जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को शिक्षा एवं शोध से जोड़कर उनमें सामाजिक संवेदना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की क्षमता विकसित की जाए।
बिरसा मुंडा और टंट्या मामा के संघर्ष से प्रेरणा लें
राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायक टंट्या मामा भील के संघर्ष एवं योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए असाधारण योगदान दिया। टंट्या मामा ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया। इन महान जननायकों का जीवन युवाओं को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। युवाओं को सभी जननायकों के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए।
नशे से दूर रहें, दूसरों को भी जागरूक करें
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से विचार करने का आह्वान किया कि वे भारत को विकसित बनाने में क्या योगदान दे सकते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाएंगे।
राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। संविधान दिवस पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और संविधान सभा के सभी सदस्यों का पुण्य स्मरण किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी कराया। समारोह की स्मारिका का विमोचन किया और विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
शिक्षा सामाजिक क्रांति और समानता का माध्यम: सावित्री ठाकुर
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक क्रांति और समानता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उनकी जन्मभूमि महू में संविधान दिवस पर आयोजन गौरव का अवसर है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, शोध और नवाचार का उपयोग समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान ने कहा कि संविधान निर्माताओं, विशेषकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक भेदभाव और असमानता दूर करने के लिए अनेक दूरदर्शी प्रावधान किए। शिवगंगा अभियान के प्रमुख महेश शर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा भारत की पारंपरिक लोककलाओं को शिक्षा और पाठ्यक्रम से जोड़ने की पहल को क्रांतिकारी कदम बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. रामदास आत्रेय ने स्वागत उद्बोधन दिया और विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह का संचालन कुलसचिव डॉ. रचना ठाकुर ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें