बस्तर के 5 लाख परिवारों की आय 30 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य, ‘स्वावलंबी बस्तर’ अभियान की तैयारी

  • Admin
  • Nov 26, 2026
  • 2,317 views

7 जिलों के 1,885 पंचायतों और 3,964 गांवों में आजीविका विस्तार की योजना

 उत्पादन से प्रसंस्करण और बाजार तक बनेगी पूरी व्यवस्था

रायपुर | 26 नवंबर 2026

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बस्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार व्यापक योजना तैयार कर रही है। ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ के तहत संभाग के सात जिलों में करीब 5 लाख परिवारों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमता को आर्थिक विकास का आधार बनाने के लिए पांच साल की निवेश कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की।
7 जिलों के 5 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
अभियान के तहत बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। अभियान का क्रियान्वयन इस तरह हो कि कोई पात्र परिवार आजीविका गतिविधियों और सामुदायिक संस्थाओं से जुड़ने से वंचित न रहे। परिवारों की रुचि, स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन किया जाए।
52 उत्पादों और 23 उपक्षेत्रों पर फोकस
अभियान में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन और गैर-कृषि क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों और गतिविधियों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।
उत्पादन से विपणन तक पूरी व्यवस्था विकसित होगी
अभियान में केवल आजीविका के साधन उपलब्ध कराने के बजाय पूरी मूल्य श्रृंखला विकसित की जाएगी। कच्चे माल और आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक मजबूत व्यवस्था बनाई जाएगी। जरूरत के अनुसार कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां और शीत श्रृंखला विकसित की जाएंगी। ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) संस्था अभियान की तैयारियों में तकनीकी सहयोग दे रही है।
बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के मायस्टोर सहित डिजिटल विपणन प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। शुरुआती चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग स्टोर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई है।
दुग्ध उत्पादन से नियमित आय का रास्ता
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था भी विकसित होगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का स्रोत मिल सके।
10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय
स्वावलंबी बस्तर अभियान के क्रियान्वयन में केंद्र और राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं को समन्वित किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों और अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
पूर्व सुरक्षा कैंपों में बनेंगे शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा
बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दूरस्थ अंचलों के लोगों को गांव के आसपास ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
गीदम और कांकेर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू
अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पहले गीदम और कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण तथा परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान के लिए पृथक प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, प्रत्येक संबंधित विभाग में नोडल अधिकारी निर्धारित करने और विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने तथा परियोजना की स्वीकृति मिलते ही जमीनी स्तर पर तेजी से क्रियान्वयन करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।