गांधी जयंती पर 250 विद्यार्थियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली, दिया ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ का संदेश

  • Admin
  • Oct 02, 2026
  • 6,569 views

दीक्षारंभ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनएसएस, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से कराया गया परिचित

रायपुर, 2 अक्टूबर 2026।

कृषि महाविद्यालय, रायपुर में दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा स्वच्छता, श्रमदान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि महाविद्यालय के शैक्षणिक प्रभारी डॉ. आर. पी. कुजूर ने महात्मा गांधी के विचारों और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संदेश दिया। इसके बाद एनएसएस छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल जायसवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, विभिन्न गतिविधियों और स्वयंसेवकों की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की दी जानकारी

डॉ. आर. के. ठाकुर, खेल प्रभारी एवं एनएसएस छात्र इकाई प्रभारी ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। वहीं विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. एस. के. नाग ने महाविद्यालय स्तर पर होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों, कार्यक्रमों और अंतर-विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिताओं के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।

250 विद्यार्थियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली

कार्यक्रम के अगले चरण में कृषि महाविद्यालय परिसर से विश्वविद्यालय की आवासीय कॉलोनी तक करीब 250 विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ सहित विभिन्न स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट और संवाद सत्र

दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. प्रवीण वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिभाओं और सांस्कृतिक रुचियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी के स्वच्छता, अनुशासन, सत्य और सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता, सामाजिक सेवा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह आयोजन नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रमीय एवं सामाजिक गतिविधियों से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।