जनजातीय अंचलों के बच्चों तक विज्ञान पहुंचाने की पहल को मुख्यमंत्री ने सराहा

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 9,642 views

‘स्पेस ऑन व्हील्स’ के जरिए स्कूली बच्चों को मिल रही अंतरिक्ष विज्ञान और इसरो की उपलब्धियों को करीब से जानने की सीख

रायपुर, 18 नवंबर 2026। 

जिन बच्चों के लिए उपग्रह अब तक आसमान में चमकते बिंदु भर थे, अब उनके सामने इसरो के उपग्रहों के मॉडल मौजूद हैं। विज्ञान को प्रयोगशालाओं और बड़े संस्थानों से निकालकर गांवों और स्कूलों तक पहुंचाने की विज्ञान भारती की पहल को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सराहा है।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय अंचलों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजों को जानने-समझने की रुचि बढ़ेगी और नई संभावनाओं के प्रति उत्सुकता विकसित होगी।

विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हुए हैं। इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े विशेषज्ञ भी संस्था के कार्यों में योगदान दे रहे हैं।

‘स्पेस ऑन व्हील्स’ से बच्चों को मिल रही अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी

वर प्रसाद कोला ने बताया कि दूरस्थ अंचलों तक विज्ञान की जिज्ञासा पहुंचाने के लिए विज्ञान भारती ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ पहल संचालित कर रही है। इस विशेष वाहन में इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाते हैं।

इस पहल के माध्यम से उन बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना आसान नहीं है।

इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक तथा एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें