टिन के पीपे से शुरू हुआ संगीत का सफर, पद्मश्री मदन सिंह चौहान ने सूफी गायकी में बनाई विशिष्ट पहचान

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 5,631 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संगीत साधना के प्रति उनके संघर्ष, समर्पण और कला के क्षेत्र में योगदान की सराहना की

रायपुर, 18 नवंबर 2026। 

संगीत के प्रति सच्ची लगन और निरंतर साधना हो तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। इसका उदाहरण हैं छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मानित संगीत साधक मदन सिंह चौहान, जिन्हें लोग स्नेह से ‘गुरुजी’ कहते हैं। संगीत सीखने की ललक ऐसी थी कि जब अभ्यास के लिए कोई वाद्य यंत्र उपलब्ध नहीं हुआ, तो उन्होंने टिन के पीपे को ही ढोलक बना लिया और उसी पर थाप देकर संगीत साधना शुरू कर दी। ढोलक से तबले तक का सफर तय करने के बाद करीब 30 वर्षों तक तबला बजाया और अब सूफी गायकी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मदन सिंह चौहान से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री स्वयं अतिथियों से मिलने के लिए एक-एक टेबल पर पहुंच रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चौहान की संगीत साधना के प्रति समर्पण और कला के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मदन सिंह चौहान ने अपनी संगीत साधना जारी रखी। निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने गजल एवं सूफी गायन के क्षेत्र में विशेष मुकाम हासिल किया। संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया।

सम्बन्धित खबरें