पद्मश्री पंडीराम मंडावी ने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को सिखाई काष्ठ शिल्प की कला

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 1 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आग्रह पर एक माह तक दिया प्रशिक्षण, बोले- बस्तर के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना अब हुआ आसान

रायपुर, 18 नवंबर 2026। 

अबूझमाड़ की पारंपरिक कला और संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आग्रह पर पद्मश्री से सम्मानित काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी ने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण दिया है। उन्होंने करीब एक माह तक युवाओं को लकड़ी पर कलात्मक आकृतियां उकेरने और इस पारंपरिक कला की बारीकियां सिखाईं।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में नारायणपुर के पद्मश्री सम्मानित काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी भी आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने काष्ठ शिल्प के प्रति उनके दशकों के समर्पण और पारंपरिक कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

15 वर्ष की उम्र से काष्ठ शिल्प को बनाया जीवन का हिस्सा

नारायणपुर निवासी पंडीराम मंडावी ने महज 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन इस पारंपरिक कला को समर्पित कर दिया। उनकी कलाकृतियों में जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिलती है। इसी उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के समय मुख्यमंत्री ने उनसे वहां के युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। इसी के अनुरूप उन्होंने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को करीब एक महीने तक प्रशिक्षण दिया। उनका कहना है कि कोई भी पारंपरिक कला तभी जीवंत रह सकती है, जब उसका ज्ञान और कौशल अगली पीढ़ी तक पहुंचे।

सड़क, अस्पताल और बस सेवा से दूरस्थ गांवों तक पहुंच आसान

पंडीराम मंडावी ने बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अब वहां सड़क, अस्पताल और धान खरीदी जैसी सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ हुई हैं। गांवों तक बस सेवा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पहले लंबी दूरी तय करने के लिए साइकिल ही सहारा होती थी, लेकिन अब बस सेवा के कारण दूरस्थ गांवों तक पहुंचना आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को पारंपरिक कला और कौशल से जोड़ने के प्रयास उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का अवसर दे रहे हैं।

सम्बन्धित खबरें