दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1.08 करोड़ रुपये का बीमा कवर

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 1 views

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पत्नी को सौंपा बीमा राशि का चेक, पुत्र को पहले ही मिल चुकी है बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति

रायपुर, 18 नवंबर 2026। 

ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ होने वाली आकस्मिक घटनाओं में उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित सैलरी पैकेज बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों का सहारा बन रही है। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है। ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी महत्वपूर्ण है। वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं।

नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी बीमा सुरक्षा

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सैलरी पैकेज बीमा सुरक्षा का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी इस योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।

उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश और वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित होनी चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

12 वर्षों से अधिक समय तक दी पुलिस बल में सेवाएं

दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

अब तक पांच पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिली बीमा सहायता

छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इसके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को बीमा सहायता दी जाती है।

बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पुलिस बल के पांच कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ बच्चों की शिक्षा, भविष्य की आवश्यकताओं और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक हो रही है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार और सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें