संस्थागत प्रसव में नारायणपुर ने हासिल किया 109.26 प्रतिशत लक्ष्य, सात माह में 1,951 सुरक्षित प्रसव

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 8,561 views

जिला अस्पताल में सबसे अधिक 710 प्रसव दर्ज, अबूझमाड़ के ओरछा विकासखंड में भी 333 महिलाओं ने अस्पतालों में बच्चों को दिया जन्म

नारायणपुर, 18 नवंबर 2026। 

दुर्गम वनांचल और अबूझमाड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नारायणपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्यांक रिपोर्ट (अप्रैल-सितंबर 2026) में जिले ने राज्य की शीर्ष अचीवर्स श्रेणी में स्थान बनाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक सात महीनों के लिए निर्धारित 1,786 संस्थागत प्रसव के लक्ष्य के विरुद्ध जिले में 1,951 सुरक्षित प्रसव कराए गए। यह लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत है। पूरे वित्तीय वर्ष के 3,061 प्रसव के लक्ष्य का 63.74 प्रतिशत हिस्सा भी इन सात महीनों में पूरा कर लिया गया है।

कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से यह उपलब्धि हासिल हुई है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम वनांचलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम और वनाच्छादित अबूझमाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हर्ष का विषय है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति और प्रत्येक गर्भवती माता तक बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अमले, मितानिनों और मैदानी तंत्र के प्रयासों ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। यह विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

नारायणपुर जैसे संवेदनशील और वनाच्छादित क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण रहा है। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, बेहतर रेफरल परिवहन और नियमित मॉनिटरिंग से इस दिशा में सुधार हुआ है। गांव-गांव में सक्रिय मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। इसके परिणामस्वरूप सुदूर क्षेत्रों की गर्भवती महिलाएं भी प्रसव के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं।

जिले के नारायणपुर विकासखंड में 1,618 और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।

जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव

जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में नारायणपुर जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव कराए गए। इनमें अकेले अक्टूबर माह में 125 सुरक्षित प्रसव शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105, इस प्रकार कुल 252 प्रसव हुए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौड़ाई में 148 और बेनूर में 84 सहित कुल 324 प्रसव दर्ज किए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 403 प्रसव हुए। इनमें ओरछा के दूरस्थ केंद्र आकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव शामिल हैं। निजी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं में असीसी शांति अस्पताल में 169 और रामकृष्ण मिशन में 93, यानी कुल 262 प्रसव दर्ज किए गए।

सुरक्षित मातृत्व विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, मैदानी अमले, मितानिनों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नारायणपुर जिले का संस्थागत प्रसव में 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल करना गर्व का विषय है। सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान है। महिलाओं में जागरूकता बढ़ने से वे प्रसव के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं। यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के प्रयासों में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई दी।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।