सेवा सेतु पोर्टल से एक ही दिन में बना आय प्रमाण पत्र, सूरजपुर के भरत कुमार को मिली राहत

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 5,648 views

ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल अनुमोदन से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत हुई कम, समय और खर्च की हो रही बचत

सूरजपुर, 18 नवंबर 2026। 

शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु : जनता के द्वार, डिजिटल सरकार’ प्रभावी साबित हो रही है। पोर्टल के माध्यम से आय, निवास सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलने से लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के समय और धन की बचत हो रही है।

इसका उदाहरण सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम बरपारा निवासी भरत कुमार हैं। उन्हें आवश्यक कार्य के लिए आय प्रमाण पत्र की जरूरत थी। उन्होंने 3 नवंबर 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया और उसी दिन उनके आवेदन का अनुमोदन भी हो गया। डिजिटल प्रक्रिया से उन्हें कम समय में आवश्यक शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा मिली।

डिजिटल व्यवस्था से समय और खर्च की बचत

पहले आय, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों को संबंधित सरकारी कार्यालयों तक जाना पड़ता था। इससे यात्रा में समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस व्यवस्था से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष लाभ मिल रहा है।

सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं की पहल

सेवा सेतु केवल ऑनलाइन आवेदन का माध्यम नहीं, बल्कि शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की पहल है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। इससे नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने और सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।