चंडालपुर अब ‘चंदनपुर’, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर गांव में जश्न

  • Admin
  • Sep 26, 2026
  • 6,774 views

राजपत्र की प्रति लेकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मिठाई खिलाकर जताई खुशी

गांव के विकास के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन हेतु 11.70 लाख रुपये की घोषणा; दस्तावेजों में नाम बदलने विशेष शिविर लगेगा

 कबीरधाम , कवर्धा 26 सितंबर 2026। वर्षों से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हुई तो कबीरधाम जिले के चंडालपुर गांव में खुशी का माहौल बन गया। शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गांव की नई पहचान का राजपत्र लेकर पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी प्रति सौंपकर बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए जुटे। गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर अब ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

छत्तीसगढ़ शासन ने ग्राम चंडालपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके साथ ही ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा।

विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा

नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री ने गांव में विकास कार्यों के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को नाम परिवर्तन के बाद अपने दस्तावेजों में संशोधन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा।

शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को नए नाम के अनुरूप अपने दस्तावेज अपडेट कराने में सुविधा होगी।

स्थानीय भावनाओं को मिला सम्मान

विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों की ओर से लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और अंततः नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।

उन्होंने कहा कि राजपत्र में प्रकाशन के बाद ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपने दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करने का आग्रह किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव को जानें और इसकी नई पहचान कायम रहे।

नाम में इतिहास, संस्कृति और जनभावनाएं

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तन से क्षेत्र की स्थानीय पहचान और ग्रामवासियों की भावनाओं को मजबूती मिलेगी।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के साथ चंदनपुर को अब सरकारी दस्तावेजों में स्थायी पहचान मिल गई है। राजपत्र प्रकाशन के बाद गांव का नाम सभी संबंधित सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टलों पर ‘चंदनपुर’ के रूप में दर्ज रहेगा।

सम्बन्धित खबरें