भोपाल के हॉकी मैदान को मिला FIH कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर बढ़ा मध्यप्रदेश का गौरव हैदराबाद के बाद भोपाल देश का दूसरा शहर, जहां है कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी फील्ड; 19 नवंबर से इसी मैदान पर होगी महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 1,231 views

भोपाल, 12 नवंबर 2026।

 मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इसके साथ ही भोपाल देश में हैदराबाद के बाद दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां FIH कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी मैदान उपलब्ध है। मध्यप्रदेश में इस श्रेणी का यह पहला हॉकी मैदान है।

प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार, मैदान का परीक्षण 6 नवंबर 2026 को किया गया था। परीक्षण में मैदान को कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। यह प्रमाणपत्र 6 नवंबर 2029 तक वैध रहेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन मिलना मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इस सफलता के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन

नाथू बरखेड़ा स्थित इसी अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में 19 नवंबर 2026 से महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होगा। एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से भोपाल को अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।

मंत्री सारंग ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया यह हॉकी मैदान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मध्यप्रदेश को बड़े अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भोपाल में इस स्तर का हॉकी मैदान उपलब्ध होना प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।

सम्बन्धित खबरें