राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मध्यप्रदेश के एकलव्य विद्यालयों को किया सम्मानित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला और जनजातीय कार्य विभाग को उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान; प्रमुख सचिव गुलशन बामरा ने ग्रहण किया पुरस्कार

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 1,907 views

भोपाल, 12 नवंबर 2026। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। यह पुरस्कार जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव एवं एमपी सरस की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष गुलशन बामरा ने ग्रहण किया।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर मध्यप्रदेश स्पेशल एंड रेजिडेंशियल एकेडमिक सोसाइटी (एमपी सरस) को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थागत विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

एकलव्य विद्यालय मंडला को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट एकलव्य विद्यालय के रूप में चुना गया। विद्यालय की ओर से यह सम्मान मंडला के कलेक्टर एवं विद्यालय के अध्यक्ष राहुल नामदेव धोटे तथा विद्यालय की प्राचार्य रीना ने ग्रहण किया।

समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत हुआ आयोजन

यह कार्यक्रम भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। यह पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव, राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के शिक्षक और मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें