स्वास्थ्य सेवा का सिलसिला रुकना नहीं चाहिए, सेवा संगठनों को सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा : मुख्यमंत्री मोहन यादव शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि 26 नवंबर से उज्जैन संभाग में एक माह का विशेष स्वास्थ्य अभियान; 104 शिविरों में 26 हजार से अधिक लोगों की जांच, 850 गंभीर मरीजों का कराया गया उपचार

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 1 views

भोपाल, 13 नवंबर 2026।

 मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों की गंभीर बीमारियों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। ऐसे सेवा प्रयासों से लोगों की जान बचाई जा सकती है। सेवा कार्यों में निरंतरता बनी रहनी चाहिए और मानव कल्याण का यह सिलसिला कभी थमना नहीं चाहिए।

मुख्यमंत्री निवास पर शुक्रवार को पूर्णिमाश्री सेवा संगठन, उज्जैन के पदाधिकारियों और सदस्यों से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन अब तक 104 स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुका है। इनमें 26 हजार से अधिक नागरिकों की जांच की गई और लगभग 850 हृदय रोगियों तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों का उपचार कराया गया। इससे कई लोगों का जीवन बचाने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि पूर्णिमाश्री सेवा संगठन का यह सेवा संकल्प अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। ऐसे संगठनों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

26 नवंबर से उज्जैन संभाग में एक माह का विशेष अभियान

संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि शाजापुर जिले के निवासी राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि 26 नवंबर से स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए एक माह का सघन अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जरूरतमंद नागरिकों की जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उज्जैन संभाग के अन्य जिलों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि मध्यप्रदेश सरकार ऐसे सेवा कार्यों से जुड़े संगठनों और व्यक्तियों को पूरा प्रोत्साहन देने के साथ आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराएगी।

छह जिलों में लगाए जाएंगे स्वास्थ्य शिविर

संगठन ने बताया कि आगामी अभियान के तहत उज्जैन संभाग के देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।

साफा बांधकर और त्रिशूल भेंटकर किया सम्मान

इस अवसर पर पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका साफा बांधकर तथा त्रिशूल भेंटकर सम्मान किया। संगठन के सदस्यों ने ‘दिल से कहें, अपने मोहन जी हैं ना’ का उद्घोष कर सभाकक्ष को गुंजायमान कर दिया।

मुख्यमंत्री ने संगठन के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का यह प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए।

सम्बन्धित खबरें