जनजातीय मिनी संग्रहालय में विद्यार्थियों ने जाना आदिवासी संस्कृति और विरासत का इतिहास **जनजातीय गौरव दिवस अभियान के तहत 87 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, पारंपरिक जीवनशैली, कला और लोक संस्कृति से हुए परिचित

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 1,821 views


**भोपाल : 13 नवंबर 2026**

जनजातीय गौरव दिवस अभियान, आदि सेवा समय एवं आदि सेवा दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को भोपाल में विद्यार्थियों के लिए जनजातीय मिनी संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्था (टीआरआई), भोपाल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), बावड़ियाकलां के 67 छात्र-छात्राओं तथा जनजातीय बालक छात्रावास, श्यामला हिल्स के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

**जनजातीय जीवनशैली और परंपराओं की मिली जानकारी**

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की विभिन्न अनुसूचित जनजातियों की संस्कृति, इतिहास, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, खेती-किसानी, घरेलू उपयोग के उपकरणों और वाद्य यंत्रों के बारे में विस्तार से बताया गया। संस्थान के सहायक अनुसंधान अधिकारी एम.डी. कनेरिया और सेवानिवृत्त सीएफओ बी.आर. सातपुते ने विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की ऐतिहासिक जीवनशैली, पारंपरिक कला, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराया।

संस्थान के विशेषज्ञ कनेरिया ने गोंड, भील, बैगा, सहरिया, भारिया और कोरकू सहित प्रदेश की विभिन्न जनजातियों पर किए जा रहे शोध कार्यों, उनके पारंपरिक ज्ञान तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

**संग्रहालय की दीर्घाओं और लोककथाओं को जाना**

विद्यार्थियों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्य यंत्रों और घरेलू एवं शिकार में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को उत्साहपूर्वक देखा। साथ ही इनसे जुड़ी लोककथाओं और परंपराओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

**18 नवंबर तक आयोजित फोटो प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन**

विद्यार्थियों को टीआरआई की संग्रहालय गैलरी में 1 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित फोटो प्रदर्शनी भी दिखाई गई। इसमें जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक आभूषणों और वाद्य यंत्रों से संबंधित छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं।

भ्रमण के दौरान संस्थान के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस शैक्षणिक गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक ज्ञान और कलात्मक विरासत को करीब से जाना तथा अपनी संस्कृति पर गर्व का अनुभव किया।

सम्बन्धित खबरें