मध्यप्रदेश में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 12 दिनों में 79 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त प्रदेश के कई जिलों में एक साथ कार्रवाई, बड़ी संख्या में जुआरी गिरफ्तार; नकदी, कार, बाइक और मोबाइल फोन जब्त

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 7,650 views

भोपाल, 12 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाया है। पिछले 12 दिनों में विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने जुए के अड्डों पर दबिश देकर बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों के दौरान नकद राशि, चारपहिया और दुपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 79 लाख 17 हजार 240 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अलग-अलग जिलों में होटल, जंगल, ढाबों और अन्य स्थानों पर संचालित जुए के अड्डों को निशाना बनाया।

टीकमगढ़ में सबसे अधिक 22.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

टीकमगढ़ जिले में थाना मोहनगढ़ पुलिस ने जुए के अड्डे पर दबिश देकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 19 हजार 570 रुपये नकद और तीन चारपहिया वाहन सहित लगभग 20 लाख 19 हजार 570 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

वहीं, थाना पलेरा पुलिस ने जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 22 हजार 700 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई। इस कार्रवाई में कुल 2 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। जिले में कुल जब्ती 22 लाख 29 हजार 570 रुपये रही।

सीहोर में होटल सहित कई स्थानों पर कार्रवाई

सीहोर जिले में कोतवाली पुलिस ने एक होटल में कार्रवाई कर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया और 10 लाख 85 हजार रुपये नकद जब्त किए।

भैरूंदा पुलिस ने 71 हजार रुपये नकद, सात मोबाइल और छह मोटरसाइकिल सहित लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। मंडी थाना पुलिस ने 10 हजार 700 रुपये, पार्वती थाना पुलिस ने 14 हजार 620 रुपये और बुधनी थाना पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 हजार 900 रुपये नकद तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए। जिले में कुल 16 लाख 29 हजार 220 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

कटनी में जंगल में चल रहे जुए के अड्डों पर दबिश

कटनी जिले में पुलिस ने जंगल में संचालित जुए के अड्डों पर कार्रवाई कर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 80 हजार 500 रुपये नकद, आठ मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन सहित लगभग 13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

माधवनगर पुलिस ने भी दो अलग-अलग मामलों में नौ जुआरियों को गिरफ्तार किया। जिले में कुल 13 लाख 7 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

छतरपुर में कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी

छतरपुर जिले में सरवई पुलिस ने गौरिहार रोड स्थित ढाबे के पीछे संचालित जुए के अड्डे पर कार्रवाई कर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से नकदी, तीन मोटरसाइकिल और 15 मोबाइल सहित 6 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

थाना ओरछा रोड पुलिस ने नई लकड़ी मंडी के पास जुए के अड्डे पर दबिश देकर 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 22 हजार 800 रुपये नकद और आठ मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

थाना बड़ामलहरा पुलिस ने जुए के दो अड्डों पर छापा मारकर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया और 9 हजार 340 रुपये नकद जब्त किए। थाना जुझारनगर पुलिस ने दो जुए के अड्डों पर दबिश देकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया तथा 10 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए।

थाना गढ़ीमलहरा पुलिस ने ग्राम गौर में संचालित दो जुए के अड्डों पर कार्रवाई कर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया और 7 हजार 570 रुपये नकद जब्त किए। वहीं, थाना बक्सवाहा पुलिस ने जंगल में संचालित जुए के अड्डे पर दबिश देकर तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 15 हजार 70 रुपये नकद और मोटरसाइकिल सहित अन्य संपत्ति जब्त की गई। जिले में कुल 10 लाख 54 हजार 10 रुपये की संपत्ति जब्त हुई।

दमोह और मुरैना में भी कार्रवाई

दमोह जिले के थाना हिण्डोरिया पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में जुए के अड्डों पर दबिश दी। इन मामलों में कुल 19 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

मुरैना जिले में पोरसा पुलिस ने जुआ खेलते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1 लाख 36 हजार 950 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं। बागचीनी और जौरा पुलिस ने भी कार्रवाई कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिले में कुल 3 लाख 9 हजार 680 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

खंडवा, अशोकनगर और विदिशा में भी जुआरी गिरफ्तार

खंडवा जिले के हरसूद थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 2 लाख 30 हजार 240 रुपये की संपत्ति जब्त की।

अशोकनगर में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में जुआ खेलते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल और नकदी सहित लगभग 1 लाख 84 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

विदिशा जिले के थाना नटेरन पुलिस ने ग्राम घटवाई में जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 22 हजार 570 रुपये नकद, सात मोबाइल और दो मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 80 हजार 570 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

सिवनी में संयुक्त टीम ने जुए के अड्डे पर की कार्रवाई

सिवनी जिले में थाना बंडोल, छपारा और आदेगांव की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम बखारी में संचालित जुए के अड्डे पर दबिश दी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 हजार 790 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 25 हजार 790 रुपये की संपत्ति जब्त की।

दतिया में अलग-अलग स्थानों पर दबिश, कई आरोपी गिरफ्तार

दतिया जिले में दुरसड़ा, उनाव और लांच थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 69 हजार 300 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए।

थाना भाण्डेर पुलिस ने रात के समय तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया और 26 हजार 900 रुपये नकद जब्त किए। थाना कोतवाली पुलिस ने रिंग रोड स्थित निर्माणाधीन दुकानों के पीछे जुआ खेल रहे नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 हजार 730 रुपये नकद जब्त किए।

थाना उनाव पुलिस ने स्वतंत्रपुरा रोड, परासरी में जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 हजार 270 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। वहीं, थाना दुरसड़ा पुलिस ने ग्राम सड़वारा में माता मंदिर के पीछे जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़कर 4 हजार 150 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। जिले में कुल 1 लाख 16 हजार 350 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

अन्य जिलों में भी पुलिस की कार्रवाई

प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही—

पन्ना: थाना देवेन्द्रनगर पुलिस ने शरीफ ढाबा स्थित कमरे में जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 40 हजार 300 रुपये नकद जब्त किए।

शिवपुरी: दिनारा और बामौरकलां पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में 16 जुआरियों को गिरफ्तार कर 34 हजार 380 रुपये जब्त किए।

ग्वालियर: कम्पू थाना पुलिस ने आमखो पहाड़िया के जंगल में जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 29 हजार 30 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए।

झाबुआ: मेघनगर थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 हजार 300 रुपये नकद जब्त किए।

गुना: चांचौड़ा थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 हजार 700 रुपये नकद जब्त किए।

सतना: नागौद थाना पुलिस ने ग्राम उमरी में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 हजार 100 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए।

पुलिस की नागरिकों से अपील

मध्यप्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ऐसी गतिविधियां आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि उनके आसपास कहीं जुआ या सट्टा संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर सूचना दें।

सम्बन्धित खबरें